मध्य प्रदेश

उद्यानिकी मंत्री कुशवाहा ने केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और जी. किशन रेड्डी से की भेंट

मंत्री भारत सिंह कुशवाहा ने केंद्रीय मंत्रियों से अपने क्षेत्र की विकास योजनाओं को लेकर की चर्चा

केन्द्रीय रक्षा मंत्री से उद्यानिकी राज्यमंत्री श्री कुशवाह ने छावनी क्षेत्र मुरार को सिविल एरिया घोषित करने की मांग की

भोपाल। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने नई दिल्ली में सौजन्य भेंट की। राज्य मंत्री श्री कुशवाह ने केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह से ग्वालियर ग्रामीण अंतर्गत छावनी क्षेत्र मुरार को निवासियों की सुविधा दृष्टिगत सिविल एरिया घोषित किये जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई की बात कही।

ग्वालियर में जलालपुर रेलवे ओव्हर ब्रिज की मंजूरी शीघ्र देने की मांग

उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने नई दिल्ली में ही केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी से सौजन्य भेंट की। इसमें उन्होंने श्री गडकरी से ग्वालियर में जलालपुर रेलवे ओव्हर ब्रिज निर्माण की स्वीकृति शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई की जायेगी।

केन्द्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी से भी मिले श्री कुशवाह

श्री कुशवाह ने केन्द्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी से भी मुलाकात की। उन्होंने श्री रेड्‌डी से ग्वालियर में संगीत सम्राट तानसेन की जन्म एवं साधना स्थली ग्राम बेहट और आसपास के क्षेत्र में पर्यटन अधो-संरचना और जन-विकास सुविधाओं के लिये केन्द्रीय एजेंसी इण्डिया टूरिज्म डेव्हलपमेंट कॉर्पोरेशन से डीपीआर तैयार करवाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की लागत 2819 लाख 96 हजार रूपये है। राज्य मंत्री श्री कुशवाह ने केन्द्रीय मंत्री श्री रेड्डी से डीपीआर को स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

Back to top button