मध्य प्रदेश

सीएम हाउस में छाई होली की मस्ती, शिवराज ने गाए फाग गीत, लोगों पर उड़ाया गुलाल

प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया होली का त्योहार...। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं...।

भोपाल। सीएम हाउस में इस बार भी जमकर मचा होली का धमाल। सीएम शिवराज भी होली के रंग में रंगे नजर आए। बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं के साथ कांग्रेस नेताओं ने भी होली की मस्ती की। सीएम शिवराज सिंह ने जमकर कार्यकर्ताओं पर गुलाल उड़ाया। उन्होंने ढोलक की थाप पर फाग गीत भी गाए। सीएम हाउस में मौजूद सभी लोग होली के रंगों से सराबोर थे।
मध्यप्रदेश के सीएम हाउस में होली का जश्न मनाया गया। इस जश्न में आम लोग और बीजेपी के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बुधवार को आयोजित होली मिलन समारोह में सीएम के साथ ही भाजपा के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, कई मंत्री, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल के पूर्व महापौर आलोक शर्मा, पूर्व सांसद आलोक संजर, रायसेन की सिलवानी सीट से भाजपा के विधायक रामपाल सिंह, भाजपा नेता, अधिकारियों और नागरिकों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी होली खेलते हुए दिखे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने होली खेली और लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हर्ष और उल्लास के साथ होली का त्योहार मनाएं। सीएम चौहान ने ट्वीट संदेश में कहा है कि यह पर्व आपके जीवन में सुख-समृद्धि, आनंद के नए रंग घोले, यही कामना करता हूं। मुख्यमंत्री ने ट्वीट पर एक कविता भी पोस्ट की है, जिसमें लिखा है कि खुशियों का गुलाल उड़े, स्नेह की वर्षा हो। हर हृदय में सद्भाव का भाव गूंजित हो। सौहार्द्र के आकाश में बांसुरी की मीठी धुन हो। रंगों को भी प्रेम के रंग में रंग दें, ऐसी होली हो।

मुख्यमंत्री शिवराज ने गाया फाग

बता दें कि होली के त्योहार पर मुख्यमंत्री शिवराज ने फाग गीत भी गाया। इस वक्त उनकी पत्नी साधना सिंह भी मौजूद रहीं। होली के अवसर पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी अलग अंदाज में गाना गाकर होली की शुभकामनाएं दी। सीएम ने फाग गीत ‘ मोरी बहू हिरानी है, ए भैया मिले बता दइयों…।’ गाकर जमकर होली की मस्ती की।

कांग्रेस विधायक ने भी सीएम हाउस में खेली होली

इधर, कमलनाथ सरकार के वक्त मंत्री रहे एवं भोपाल से कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा भी मुख्यमंत्री निवास पर होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ होली खेली। पीसी शर्मा ने मीडिया से कहा कि होली एक ऐसा त्योहार है, जो गिले-शिकवे दूर कर देता है। राजा और रंक को एक ही रंग में रंग देता है। इधर, पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं।

Back to top button