नई दिल्ली

दिल्ली में गर्मी का तांडव, राहत मिलने से पहले रविवार को लू चरम पर पहुंचने का अनुमान ….

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी से बेहाल है। गर्म और शुष्क पछुआ हवाओं से प्रभावित दिल्ली में रविवार को कई इलाकों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। भीषण लू की स्थिति के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र ने शनिवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था, जो इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है। शुक्रवार को तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस था। दिल्ली में शनिवार को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अधिकतम 46.9 डिग्री सेल्सियस, पीतमपुरा में 46.4 डिग्री सेल्सियस, जाफरपुर में 45.8 डिग्री सेल्सियस और रिज और आयानगर में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि लू कि स्थिति ने मुंगेशपुर में अधिकतम पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस तो नजफगढ़ में 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही स्थानों पर पारा सामान्य से कम से कम सात डिग्री ज्यादा रहा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रविवार को लू का प्रकोप और बढ़ सकता है। निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट में उपाध्यक्ष (मौसम एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चल रही गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं तापमान को और ऊपर ले जाएंगी। रविवार को सफदरजंग में इसके 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

पलावत ने कहा कि पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती हवाओं से मॉनसून पूर्व की गतिविधियों का आगाज होगा जिससे लोगों को सोमवार और मंगलवार को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। वहीं, आईएमडी ने कहा कि सोमवार को राजधानी दिल्ली में तेज हवाएं चलने के साथ आंधी आ सकती है।

Back to top button