मध्य प्रदेश

खगोलीय पिंडों की चमक का महा मुकाबला : आज मुस्‍कुराते चांद के साथ जोड़ी बनाएगा चमकता शुक्र

पृथ्‍वी की चमक से चमकेगा चंद्रमा, रहेगा हंसियाकार, लेकिन दिखेगा पूरा जैसा : सारिका घारू

भोपाल। आज (23 अप्रैल) शाम को (कुछ ही देर में) पश्चिमी आकाश में अद्भुत खगोलीय नज़ारा दिखाई देने जा रहा है। सूरज के डूबते ही खगोलीय पिंडों की चमचमाती जोड़ी आपका ध्‍यान खींचने जा रही है। दरअसल, आज चमकते वीनस की हंसियाकार चंद्रमा के साथ जोड़ी दिखने जा रही है। ज्ञात हो, पिछले महीने दिखी जोड़ी में वीनस, चंद्रमा के नीचे था, लेकिन इस बार वीनस चंद्रमा के बगल में दिखाई देगा।

यह जानकारी नेशनल अवार्डी एवं विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने दी। उन्होंने विद्या विज्ञान के तहत बताया कि आज एक खास खगोलीय नजारा देखने को मिलेगा। होने यह जा रहा है कि चंद्रमा हंसियाकार होते हुये भी पूरे गोलाकार दिखने का आभास करा सकता है, इसमें लगभग 11 प्रतिशत चमकदार भाग के अलावा चंद्रमा का बाकी भाग भी हल्‍के प्रकाश के साथ दिखेगा। खगोल विज्ञान में इसे ‘अर्थशाईन’ कहते हैं । इस घटना को ‘लियोनार्डो द विंची ग्लो भी कहा जाता है। लियोनार्डो द विंची ने 1510 के आसपास पहली बार स्‍केच के साथ अर्थशाईन की अवधारणा को रखा था।

सारिका ने बताया कि अर्थशाईन तब होता है, जब सूरज की रोशनी, पृथ्‍वी की सतह से परावर्तित होती है और चंद्रमा की सतह के अंधेरे वाले भाग को भी रोशन करती है। आज जब आप चंद्रमा को देखें तो याद रखें उसे चमकाने में उस पृथ्‍वी का भी योगदान है, जिस पर आप खड़े हैं। सारिका ने बताया कि विदेशों में इस खगोलीय घटना को ‘अशेन ग्‍लो’ या ‘नये चंद्रमा की बांहों में पुराना चंद्रमा’ भी नाम दिया जा रहा है । अगर बादल बाधा न बने तो शाम को कुछ पल निकालिये इस जोड़ी को निहारने के लिये।

Back to top button