मध्य प्रदेश

गडकरी ने एमपी को दिए कई तोहफे, ओरछा को अयोध्या से जोड़ने का ऐलान: राम राजा लोक की भी घोषणा

गडकरी ने कहा- 2024 के अंत तक एमपी, बुंदेलखंड का रोड, स्टेशन होगा अमेरिका जैसा, शिवराज बोले- ओरछा में राम राजा लोक और चित्रकूट में वनवासी राम लोक का भी भव्य निर्माण किया जाएगा

भोपाल/ओरछा। सोमवार को ओरछा पहुंचे केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एमपी को कई तोहफे दिए। उन्होंने बेतवा नदी पर बने पुल का लोकार्णण किया। साथ ही 6800 करोड़ की लागत से 550 किलोमीटर तक की 18 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। वहीं, उन्होंने ओरछा को अयोध्या से जोड़ने का ऐलान भी किया। राम राजा लोक के निर्माण की भी घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ओरछा में राम राजा लोक और चित्रकूट में वनवासी राम लोक का भी भव्य निर्माण किया जाएगा। इससे पूर्व गडकरी एवं शिवराज सिंह ने राम राजा के दर्शन किए।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है, तो उसके अनुसार सड़कें भी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 4 हजार करोड़ की लागत से 84 कोशी पथ बनाया जा रहा है। इससे आसपास की सभी प्रमुख सड़कों को जोड़ा जाएगा। पैदल पथ पर कालीन की तरह हरी घास लगाई जाएगी। ओरछा के आसपास के सभी मार्गों को बनाने के वक्त भगवान श्रीराम का इतिहास भी तस्वीरों के माध्यम से दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर एमपी सरकार प्रस्ताव बनाकर दे तो झांसी-दतिया-ओरछा सर्किट बनाएंगे। ग्वालियर से आगरा तक ग्रीन एक्सप्रेस वे को मंजूरी दे दी है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसे दतिया तक बढ़ाने की मांग की है। इस पर अधिकारियों को संभावनाएं तलाशने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने गृह मंत्री की मांग दतिया में मां पीताम्बरा के मंदिर तक ओवरब्रिज और सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूर कर दिया।

7 घंटे में पहुंचा जा सकेगा कानपुर से भोपाल

उन्होंने कहा कि कानपुर से भोपाल तक एक्सप्रेस वे बना रहे हैं, इससे 15 घंटे की दूरी 7 घंटे में तय हो सकेगी। साथ ही कानपुर से झांसी और बुंदेलखंड आना भी आसान होगा। ओरछा और पीताम्बरी पीठ में लाखों लोगों की आवाजाही को देखते हुए भूमि अधिग्रहित कर यात्रियों के लिए फूड मॉल बनाए जाएंगे और यहां के सभी तीर्थ स्थलों की सड़कों के आसपास सुंदर घास युक्त फुटपाथ बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि बुंदेलखंड की धरती और राजाराम की नगरी ओरछा में आने का मौका मिला। ओरछा और चित्रकुट को अन्य शहरों से जोड़ने के लिए करीब 70 हजार करोड़ के रोड के काम कर रहे हैं।

सीएम शिवराज ने कहा- राम हमारे प्राण हैं, राम हमारे अस्तित्व हैं

इस अवसर पर सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि वर्तमान में देश में कुछ लोग ऐसे हो गए हैं, जो भगवान राम और तुलसीदास के बारे में भी ऐसी-वैसी बातें बोलते हैं। भगवान राम हमारे अस्तित्व हैं, राम हमारे प्राण हैं, राम हमारे रोम-रोम और हमारी हर सांस में बसे हैं। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी यात्राओं से भारत जुड़ेगा क्या? अगर सही मायने में कोई भारत जोड़ रहा है तो पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नितिन गडकरी भारत जोड़ रहे हैं। भारत शानदार सड़कों की कनेक्टीविटी से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज तक ऐसा हजारों करोड़ों की सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास नहीं देखा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि हमने पहले भी सड़कें देखी थी, खजुराहो जब कोई जाता था तो हड्डी पसली टूट जाती थी। लेकिन, आज किसी का भी पेट का पानी नहीं हिलता। उन्होंने कहा कि दो महीने में निवाड़ी जिले के हर घर में नल से पानी पहुंचा दिया जाएगा। उज्जैन और बनारस की तर्ज पर ओरछा रामराजा मंदिर के इलाके को भी विकसित किया जाएगा।

मीडिया से बोले शिवराज: बुंदेलखंड के लिए घनघोर सौगातों का दिन

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे ही ओरछा पहुंचे, उन्होंने मीडिया से चर्चा की और कहा कि 6 हजार 800 करोड़ की लागत की सड़कें बुंदेलखंड को मिलने वाली है। ये सौगातों की बौछार हैं, बल्कि बौछार नहीं घनघोर सौगातें हैं। इन सड़कों के बनने से पूरे बुंदेलखंड की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद देते हुए मुख्यमंत्री ने उनका अभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे बुंदेलखंड में सड़कों का जाल होगा। यहां जल जीवन मिशन, हर खेत में सिंचाई के लिए केन और बेतवा का पानी सभी बीजेपी की सरकार ने ही दी हैं। इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी को दिल से धन्यवाद देता हूं।

गडकरी ने सबसे पहले रामराजा सरकार के दर्शन किए

कार्यक्रम को केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य नेता भी मौजूद थे। ओरछा पहुंचते ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सबसे पहले रामराजा सरकार के दर्शन किए और कहा कि हमारे देश के लिए, आप सबके लिए उनका आशीर्वाद हमें अच्छा कार्य करने की शक्ति देगा। कार्यक्रम की शुरुआत सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कन्या पूजन और दीप प्रज्ज्वलित कर की। मुख्यमंत्री ने गडकरी को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।

देश में सड़कों और राजमार्गों से जुड़ी उपलब्धियों की लघु फिल्म का भी विमोचन

इस अवसर पर एक लघु फिल्म का भी विमोचन किया गया। इस लघु फिल्म में बताया गया कि नितिन गडकरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिलकर जो पूरे देश में सड़कों और राजमार्गों से जुड़ी उपलब्धियां बताई गई। लघु फिल्म में ओरछा में लोकार्पण और शिलान्यास होने वाली विभिन्न परियोजनाओं का भी जिक्र किया गया है। इसके साथ-साथ आवागमन कैसे सुगम होगा उसके बारे में भी बताया गया।

गडकरी ने दतिया में पिताम्बरा पीठ के किए दर्शन

ओरछा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी स्पेशल फ्लाइट से नागपुर से सुबह 9.30 बजे निकले, और 10.45 पर दतिया एयरपोर्ट आए। इसके बाद उन्होंने दतिया में मां पिताम्बरा पीठ के दर्शन किए। उसके बाद दतिया से सवा 12 बजे ओरछा पहुंचे। 12.30 बजे तक रामराजा सरकार के दर्शन करने के बाद मंदिर का भ्रमण किया। 1.30 से 2 बजे के बीच उन्होंने होटल बेतवा रिट्रीट में लंच किया।

Back to top button