मध्य प्रदेश

विहिप के पूर्व केंद्रीय सहमंत्री राजेश तिवारी भाजपा में हुए शामिल

मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद के समक्ष सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व केंद्रीय सह मंत्री राजेश तिवारी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वरिष्ठ नेताओं ने राजेश तिवारी को अंगवस्त्र पहनाकर व मिष्ठान खिलाकर पार्टी में स्वागत किया।

मंच संचालन प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी ने किया। मुख्यमंत्री चौहान ने तिवारी को भाजपा परिवार में शामिल होने पर बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका लंबा सामाजिक जीवन रहा है, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल में काम करने के उनके लंबे अनुभव का पार्टी को लाभ मिलेगी। उनके परिश्रम और प्रभाव का लाभ भाजपा को मिलेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने तिवारी का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लेकर बजरंग दल, विश्व हिन्दू परिषद और सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय तक काम करने वाले राजेश तिवारी ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। मैं भाजपा परिवार में उनका स्वागत करता हूं। उनके आने से भाजपा के काम को और मजबूती मिलेगी। पार्टी को उनके कौशल का लाभ मिलेगा। तिवारी के साथ उनके सैकड़ों समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर गंजबासौदा विधायक लीना जैन, विदिशा जिला अध्यक्ष डॉ. राकेश जादौन, जिला उपाध्यक्ष देवेन्द्र यादव, जिला महामंत्री मुकेश तिवारी सहित विदिशा जिले से आए राजेश तिवारी के हजारों समर्थक मौजूद रहे।

तिवारी बोले – पार्टी के संकल्पों ने किया प्रभावित

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद तिवारी ने कहा कि मैं बाल्यकाल से स्वयंसेवक रहते हुए सामाजिक क्षेत्रों में काम कर रहा हूं। अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बने, उस आंदोलन से मैं बचपन से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान मैंने देखा कि भाजपा सरकार ने इस काम को आगे बढाते हुए भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण का सपना पूरा किया है। इससे प्रभावित होकर मैं भाजपा में आया हूं। प्रदेश भाजपा सरकार की लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना, बुजुर्गों को तीर्थयात्रा सहित अन्य जनहितैषी व सर्वहारा वर्ग के लिए शुरू की गई योजनाओं ने मुझे प्रभावित किया है।

Back to top button