मध्य प्रदेश

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रोज पौधारोपण करने के संकल्प को आज तीन साल पूरे हुए

भोपाल

भोपाल, मध्यप्रदेश। पूर्व CM शिवराज सिंह चौहान ने पौधारोपण संकल्प के 3 साल पूरे होने पर राजधानी भोपाल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के साथ पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पौधारोपण किया। शिवराज सिंह चौहान ने तीन साल पहले 19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती के दिन पौधारोपण का संकल्प लिया था।

स्मार्ट पार्क में पर्यावरण प्रेमियों ने रोपे पौधे
भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित सम्मेलन में देशभर के हजारों पर्यावरणप्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। यहां गहन विचार-विमर्श के साथ सबने धरती को हराभरा बनाने का संकल्प लिया। इससे पहले स्मार्ट पार्क में CM मोहन यादव, पंयायत मंत्री प्रहलाद पटेल सहित अन्य मंत्री-विधायक और पर्यावरणप्रेमियों ने पौधे रोपे।

शिवराज के साथ 2000 से ज्यादा लोग रोप चुके हैं पौधे
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पहला पौधा जीवनदायनी मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक में रोपा था। इसके बाद जहां भी रहते, सबसे पहले पौधा रोपते और फिर दूसरे काम के लिए निकलते। शिवराज सिंह चौहान ने अब तक 3238 पौधे रोप चुके। गत वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर राजाभोज एयरपोर्ट स्थित रामवन में सभी मंत्रियों के साथ 311 पौधे रोपे थे। 10 अगस्त को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में पौधे रोपे गए। लाड़ली बहनों के साथ पौधरोपण किया।

संकल्प के 3 साल पूरे होने पर देश के जाने माने लोगों ने भेजी शुभकामनाएं

पूर्व सीएम शिवराज सिंह के प्रतिदिन पौधरोपण संकल्प के तीन साल पूरे होने पर देश-प्रदेश के प्रमुख लोगों ने अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं। प्रसिद्ध गीतकार शंकर महादेवन, शान, नीति मोहन, मनोज मुंतशिर ने वीडियो जारी कर दी शुभमकामनाएं। पंडित प्रदीप मिश्रा, हार्टफुलनेस के प्रमुख कमलेश डी पटेल दाज, करणाधाम प्रमुख सुदेश शांडिल्य महाराज समेत कई पर्यावरणविदों ने शिव संकल्प के तीन साल पूरे होने पर बधाई संदेश भेजा है।

प्रतिदिन पौधरोपण से स्मार्ट सिटी पार्क हो रहा हराभरा

शिवराज सिंह के पौधरोपण के आह्वान के बाद, जनवरी 2022 से श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी उद्यान में अपने जन्मदिवस, विवाह वर्षगांठ या परिजनों की स्मृति में पौधे लगाने के लिए आने वाले लोगों की संख्या बढ़ती चली गई। पूर्व सीएम ने अधिकतर पौधे स्मार्ट सिटी उद्यान में ही लगाए हैं, निरंतर पौधरोपण होने से आज स्मार्ट सिटी पार्क हराभरा दिखाई देता है। कल भी पर्यावरण सम्मेलन में विभिन्न अतिथि 108 पौधे स्मार्ट सिटी पार्क में लगाएंगे। स्मार्ट सिटी पार्क में पूर्व सीएम ने पारिजात, सप्तपर्णी, अशोक, कदम्ब, हरसिंगार, बेल पत्र, मौलश्री, शीशम, मुनगा, करंज, गुलमोहर, कचनार, हर्र, मधुकामिनी, अर्जुन, नीम, आंवला, विलायती इमली, हल्दू, नीला गुलमोहर, बॉटल ब्रश, कपूर आदि के पौधे लगाए हैं।

पूर्व सीएम ने 16 राज्यों और देश-विदेश के लोगों के साथ किया पौध-रोपण

पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गुयाना गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली, सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी के साथ भी पौधरोपण किया।उन्होंने जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि, महाराज हार्ट फुलनेस संस्थान के वैश्विक अध्यक्ष कमलेश पटेल, परम पूज्य सदगुरु जग्गी वासुदेव ने भी पौधे लगाए।

इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र के पर्यावरण कार्यक्रमों के कार्यकारी निदेशक रहे एरिक सॉल्हिम, साउथ अफ्रीका टूरिज्म की हब प्रमुख नेलिस्वा जकाबी, विज्ञापन जगत की जानी-मानी हस्ती पद्मश्री पीयूष पाण्डेय, कश्मीर फाईल्स के निदेशक विवेक अग्निहोत्री, फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, गीतकार शंकर महादेवन, शान, नीति मोहन, कैलाश खैर सहित खेल, कला-संस्कृति, शिक्षा जगत और राजनैतिक क्षेत्र के लब्ध प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भी शिवराज सिंह के साथ पौधरोपण किया। पूर्व सीएम ने अन्य राज्यों के प्रवास के दौरान लगभर 16 अलग अलग राज्यों में भी पौधरोपण किया।

पूर्व सीएम की अपील से ‘मैं’ से ‘हम’ में बदला पौधरोपण अभियान

पूर्व सीएम ने प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के बाद प्रदेशवासियों से भी पौधरोपण की अपील की। सभी अपने जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ, परिजनों की स्मृति सहित अन्य शुभ अवसरों पर पौधरोपण जरूर करें। उनके आह्वान के परिणामस्वरूप राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में पौधरोपण की गतिविधि को विस्तार मिला। शिवराज सिंह की अपील के बाद देश एवं प्रदेश में यह परंपरा बन गई है। धीरे-धीरे इस अभियान ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि तीन साल में लाखों की संख्या में पौधरोपण हुआ और कई अन्य लोगों ने भी अपने जन्मदिवस व अन्य शुभ अवसरों पर पौधरोपण करने का संकल्प लिया। इस तरह उनका व्यक्तिगत प्रण, समाज का प्रण बन गया।

पर्यावरण सम्मेलन होगा खास, कई गणमान्य जन होंगे शामिल

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के पौधरोपण संकल्प के 3 साल पूरे होने पर आयोजित रविंद्र भवन में मंगलवार को आयोजित होने वाला पर्यावरण सम्मेलन कई मायनों में विशेष रहने वाला है। जहां कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं संरक्षण को लेकर विशेषज्ञों द्वारा चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल के साथ कई नेताओं के साथ ही कार्यक्रम में हार्टफुलनेस संस्था के प्रमुख कमलेश डी पटेल दाज जी, जानेमाने पर्यावरणविद अनिल प्रकाश जोशी, गीतगार समीर अनजान शामिल होंगे।

इसके साथ कई पर्यावरण कई जाने माने पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ साथ, पतंजलि परिवार, गायत्री परिवार, रामकृष्ण परिवार समेत कॉलेज के छात्र, रहवासी समिति के सदस्य, व्यापारी संघ, लॉयंस क्लब, कर्मचारी संघ, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, सभी समाज के पदाधिकारी, रामकृष्ण मिशन, मराठी, किरार, कुणबी समाज, संस्कार भारतीय विध्यापीठ, कटारा पौधरोपण, भाजपा के सदस्य, युवा मोर्चा के सदस्य, नर्मदा सेवा समिति और पौधरोपण कार्य में जुटे हुए सभी एनजीओ के सदस्य मुख्य रूप से सम्मिलित होंगे।

Back to top button