छत्तीसगढ़रायपुर

भारत जोड़ो यात्रा में पहली बार जय-वीरू साथ-साथ, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जन्मस्थली पर छत्तीसगढ़ की मिट्टी-पानी से पौधा रोपा ….

रायपुर । छत्तीसगढ़ से गये अतिथि पदयात्रियों के लिए शनिवार-रविवार का समय तय हुआ था। इसके लिए कांग्रेस नेताओं का जत्थे अलग-अलग समय पर शुक्रवार को ही मध्य प्रदेश पहुंच गये थे। वहां अधिकांश नेता खंडवा के ओंकारेश्वर पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना के बाद सभी आसपास के होटलों में ठहरे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सुबह करीब 6 बजे खंडवा जिले के मोरटक्का से शुरू हुई।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को पहली बार छत्तीसगढ़ की राजनीति के जय-वीरू यानी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की जोड़ी साथ-साथ नजर आई। दोनों दिग्गज नेता खरगोन जिले के उमरिया चौकी से इंदौर के बलवाड़ा तक राहुल गांधी के साथ-साथ चले। देर शाम महू में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जन्म स्थली पर छत्तीसगढ़ से ले जाए गए मिट्‌टी-पानी से पौधा रोपण किया गया।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता राहुल गांधी के साथ थोड़ी-थोड़ी देर तक चलते रहे। पदयात्रा में टी ब्रेक तक प्रियंका गांधी और उनके पति राबर्ट वाड्रा भी साथ चलते रहे। बाद में प्रियंका इंदौर होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

पदयात्री खरगोन के बड़वाह होते हुए खरगोन जिले के मनिहार पहुंच गये। यहां मॉर्निंग ब्रेक हुआ। करीब साढ़े 3 बजे यात्रा उमरिया चौकी से शुरू होकर बलवाड़ा के लिए निकली। यहां पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पदयात्रा में शामिल हो गए। शाम को पदयात्री बलवाड़ा के मायापुर धाम मंदिर पहुंची जहां इवनिंग ब्रेक हुआ। बाद में राहुल गांधी के साथ सभी वरिष्ठ नेता महू के लिए रवाना हुए।

महू पहुंचकर राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने अम्बेडकर स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इससे बाद सभा को संबोधित किया। उनके साथ मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मुख्यमत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश आदि मौजूद थे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा, आरएसएस और बीजेपी के लोग संविधान को खत्म करना चाहते है। हमने संविधान को बचाने का बीड़ा उठाया है। हम एक जुट होकर देश की एकता और संविधान को बचाएंगे।

पदयात्रा के दौरान इन तीन-चार बच्चों ने राहुल गांधी से मिलकर अपना गुल्लक भेंट किया। मुख्यमंत्री बोले- राम सेतु में नल-नील का विज्ञान और वानर सेना के सामर्थ्य के साथ उस नन्हें गिलहरी का भी योगदान था।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महू की जनसभा के बाद इंदौर होकर गुजरात के भावनगर रवाना हो गए। वे रात को भावनगर में रुकेंगे। रविवार को दोपहर वे पालिताणा में वे एक जनसभा को संबाेधित करने वाले हैं। उसके बाद वे महुवा और तालजा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभाओं में कांग्रेस उम्मीदवार को प्रचार करने जाएंगे। देर शाम भावनगर में भी एक जनसभा होनी है। देर रात वे भावनगर से रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे।

Back to top button