मध्य प्रदेश

शिक्षकों की आवास व्यवस्था की करें योजना तैयार – मंत्री उदय प्रताप सिंह

भोपाल

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए शिक्षकों के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के समानांतर व्यवसायिक शिक्षा दिलाये जाने पर भी जोर दिया। स्कूल शिक्षा मंत्री आज भोपाल में लोक शिक्षण संचालनालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर प्रमुख सचिव श्रीमती रश्मि अरुण शमी भी मौजूद थीं।

स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्नातक युवाओं को बी.एड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाये। उन्होंने जनजातीय युवाओं की बी.एड फीस की प्रतिपूर्ति की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिये। मंत्री सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की आवास व्यवस्था की योजना तैयार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। मंत्री सिंह ने प्रदेश के सरकारी हायर सेकंड्ररी स्कूलों में वार्षिक उत्सव को गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित किये जाने के लिए कहा। बैठक में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया की भी चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि पिछले तीन वर्षो में 32 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की गई है। इनमें उच्च माध्यमिक, माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रदेश भर में 2 लाख 42 हजार से अधिक शिक्षक सरकारी स्कूलों में कार्यरत हैं। इसके साथ ही करीब 72 हजार 500 अतिथि शिक्षक भी शैक्षणिक कार्य में सरकारी स्कूलों में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। बैठक में ऑनलाइन स्थानांतरण नीति पर भी चर्चा की गई।

वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ

बैठक में बताया गया कि बच्चों में पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए बालरंग, मोगली बाल उत्सव, कालिदास समारोह, अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस, सामूहिक सूर्य नमस्कार और अनुगूंज कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किये जा रहे हैं। इनमें करीब 20 लाख से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता की जा रही है। बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री ने रिक्त पड़े स्पोर्ट्स टीचर की शीघ्र भर्ती के निर्देश दिये। बैठक में उच्च पद प्रभार प्राचार्य संवर्ग और उच्च पद प्रभार शिक्षक संवर्ग की भी जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश राज्यों की पदक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा था। इस वर्ष बच्चों ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में 120 पदक हासिल कर लिये हैं। बैठक में समग्र शिक्षा अभियान, व्यवसायिक शिक्षा, कौशल कॅरियर मार्गदर्शन की भी जानकारी दी गई।

सरकारी स्कूलों में आई.सी.टी. लैब

बैठक में केंद्र सरकार की ICT@school परियोजना की भी जानकारी दी गई। वर्ष 2022-23 में 2 हजार 516 लैब बनाई जा चुकी है। इस वर्ष 40 जिलों में एक हजार 79 लैब के लिये सभी प्रकार की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इस लैब में 10 कम्फ्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस उपलब्ध रहते हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री ने बच्चों में कम्प्यूटर के बारे में प्रशिक्षण देने के लिये पीपीपी मॉडल पर योजना तैयार करने के निर्देश दिये। प्रदेश में स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए कई राष्ट्रीय स्तर के एनजीओ कार्य कर रहे है। इन एनजीओ ने स्कूल शिक्षा मंत्री के सामने प्रजेंटेशन दिये। बैठक में आयुक्त लोक शिक्षण श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने कर्त्तव्य बोध दिवस को किया संबोधित

भोपाल

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान के लिये प्रतिबद्ध है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने शिक्षकों के कल्याण से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं। उन्होंने शिक्षकों से प्रदेश में स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिये टीम भावना के साथ कार्य करने का आग्रह किया। स्कूल शिक्षा मंत्री आज भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा आयोजित कर्त्तव्य बोध दिवस को संबोधित कर रहे थे।

स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण है, 23 जनवरी को सारा देश नेता सुभाषचंद्र बोस की जयंती मना रहा है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे देश के महापुरुषों के जीवन के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दें। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री ने 22 जनवरी, 2024 का स्मरण करते हुए कहा कि देश में कल का दिन ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर-कमलों से अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को भगवान राम के आदर्शों के बारे में भी जानकारी देने का आग्रह किया।

इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के वार्षिक कैलेण्डर का विमोचन किया। कार्यक्रम को विद्या भारती के प्रांतीय संगठन मंत्री नीलेश माहेश्वरी, संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. छत्रवीर सिंह राठौर, प्रदेश सचिव राजीव शर्मा, संघ के पदाधिकारी देवीदयाल भारती, विकास चौहान और नागेश पाण्डे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में बच्चों ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। श्रीमती कीर्ति द्वारा राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी गई।

Back to top button