मध्य प्रदेश

सांसद पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज: बहू का दावा- शादी में पिता ने ढाई करोड़ रुपए खर्च किए, फिर भी ससुराल वाले मांग रहे पैसे…

भोपाल। राजधानी की महिला थाना पुलिस ने ओडिशा के कटक से बीजू जनता दल (बीजेडी) के सांसद भर्तृहरि महताब के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। ये मामला भोपाल की रहने वाली सांसद की बहू साक्षी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने सांसद की पत्नी, बेटे को भी आरोपी बनाया है।

महिला थाना प्रभारी अजीता नायर ने बताया कि महादेव परिसर, एमपी नगर भोपाल में रहने वाली साक्षी (34 वर्ष) की शादी 2016 में कटक से सांसद भर्तृहरि महताब के बेटे लोकरंजन से हुई थी। साक्षी ने कहा कि शादी में उसके पिता ने करीब ढाई करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए थे। शादी के कुछ माह बाद पति लोकरंजन और सास-ससुर उसे प्रताड़ित करने लगे। तंग आकर वह पिता के घर भोपाल आ गई। मामला कोर्ट तक पहुंचा। इस पर कोर्ट ने लोकरंजन को पत्नी को साथ रखने के निर्देश दिए।

साक्षी का कहना है कि कोर्ट के निर्देश के बाद भी पति व ससुराल पक्ष के लोग उसे रखने को राजी नहीं हुए। साल 2018 में वह नई दिल्ली स्थित एबी-94 शाहजहां रोड पर रहने गई तो उसे घर से भगा दिया गया। सास-ससुर ने दरवाजे तक नहीं खोले। इस पर साक्षी वापस भोपाल आ गई। काफी दिनों तक इंतजार के बाद भी जब ससुराल पक्ष से उसे मदद की उम्मीद नहीं दिखी, तो आखिर में उसने महिला थाना भोपाल में शिकायत कर दी। जांच के बाद पुलिस ने लोकरंजन, सास महाश्वेता, ससुर भर्तृहरि महताब के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया गया है।

Back to top button