छत्तीसगढ़कोरबा

डीजल चोरों ने कोयला खदान में चलाई गोली, घायल युवक अस्पताल में भर्ती…

कोरबा। वर्चस्व की लड़ाई को लेकर डीजल चोरों ने कोयला खदान में फायरिंग कर दी। इससे बिलासपुर निवासी युवक घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक ने बताया कि वह डीजल चोरों के गैंग के लिए काम करता है। उस पर स्थानीय गैंग के सदस्यों ने फायरिंग की और भाग निकले। वहीं पुलिस इसे आपसी रंजिश में हुआ झगड़ा बता रही है।

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के तिफरा निवासी सुमित कुमार चौधरी (21) अपने एक परिचित के पास कोरबा के पुरानी बस्ती आया हुआ था। वहां से रात करीब 10 बजे वह गाड़ी लेकर निकला। इसी दौरान कुसमुंडा क्षेत्र में रेलवे साइडिंग के पास काले रंग की स्कार्पियो में सवार कुछ लोग खड़े दिखाई दिए। उनमें कोरबा निवासी राजा खान, अशरफ खान और अभिषेक आनंद सहित 3 अन्य लोग थे। वे सुमित को धमकी देने लगे। विवाद बढ़ा तो गोली मार दी।

गोली सुमित की जांघ में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सुमित ने बताया कि खदान के पास पहले से आरोपी खड़े थे। वह पहचानता था तो उनके पास चला गया। थोड़ी देर में देखा तो खदान की ओर से सफेद रंग की बोलेरो डीजल लेकर आ रही थी। आरोप है कि तभी अशरफ खान बोला कि तू यहां क्या कर रहा है। राजा बोला कि इसे मार दो नहीं तो सबको बता देगा। भागने लगा तो पीछे से गोली मार दी।

सुमित ने बताया कि वह बिलासपुर के साजिद खान के लिए पहले काम करता था। साजिद डीजल चोरी करवाता है। पहले वे लोग कोल इंडिया की सहायक कंपनी साउथ इस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड की कुसमुंडा खदान से डीजल चोरी करते थे, लेकिन अब बंद कर दिया है। सुमित ने बताया कि वह 4-5 दिन से कोरबा में था। उसे पेशी में गरियाबंद जाना था तो अपने साथी के साथ निकला था। वहीं दर्री सीएसपी लितेश सिंह ने बताया कि यह आपसी रंजिश का मामला है। पुलिस जांच कर रही है।

Back to top button