राजस्थान

धौलपुर: फाइनेंस कर्मचारियों के रिकवरी एजेंट से हथियार की नोक पर 3 लाख लूटे

धौलपुर.

रिकवरी एजेंट पीड़ित मनीष कुमार वर्मा (26) पुत्र राम प्रसाद वर्मा निवासी लक्ष्मणगढ़ जिला अलवर ने थाने में मामला दर्ज कराते हुए बताया कि वह शुक्रवार को महिला समूहों से लोन रिकवरी की राशि वसूल करने के बाद वापस लौट रहा था। रात करीब 10:30 बजे नुनहेरा और बाबू का थान के बीच बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उसकी बाइक को गिराने की कोशिश की।

बाइक गिराने में असफल रहे। बदमाशों ने आगे जाकर पीड़ित की बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर उसे रोक लिया। जिसके बाद पिस्टल की नोंक पर दोनों बदमाशों ने उसे रिकवरी के 3 लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया। पीड़ित ने बताया कि बैग में पैसों के साथ लैपटॉप और दूसरा सामान भी मौजूद था। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश नुनहेरा गांव की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने रात को नाकाबंदी शुरू कर दी। नाकाबंदी के बावजूद पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। घटना को लेकर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। उधर लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

मामले का शीघ्र करेंगे खुलासा
वारदात को लेकर सैंपऊ प्रभारी गंभीर सिंह ने बताया शुक्रवार रात्रि को अज्ञात बदमाशों ने रिकवरी एजेंट के साथ मारपीट कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके में नाकाबंदी भी कराई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है। बदमाशों को चिन्हित किया जाएगा। रिकवरी एजेंट द्वारा दी गई शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। बदमाशों की पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।

नहीं थम रहा वारदातों का सिलसिला
जिले में वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले भर में चोरी, लूट, नकबजनी एवं लूटपाट की घटनाएं लगातार हो रही है। लगातार हो रही वारदातों से पुलिस की कार्यशैली एवं रात्रि गस्त व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। जिले में बदमाश पुलिस के इकबाल को चुनौती देकर कभी भी वारदातों को अंजाम देकर बेखौफ फरार हो जाते हैं। जिससे आमजन रोज देखा जा रहा है।

Back to top button