मध्य प्रदेश

इंदौर में दो बाइक पर चढ़ी क्रेन, दो भाइयों सहित 4 की मौके पर ही मौत, एक महिला के दोनों पैर फ्रैक्चर

अचानक ब्रेक फेल होने से एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारने के बाद दो बाइकों को 200 फीट तक खसीट ले गई बेकाबू क्रेन

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बीती शाम ब्रिज के उतार पर एक क्रेन के अचानक ब्रेक फेल हो गए। इससे बेकाबू हुई क्रेन ने एक ऑटो को टक्कर मारने के बाद दो बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों बाइक को 200 फीट तक खसीटती रही। इस हादसे में दो नाबालिग भाई समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, 40 साल की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला का पैर टूट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल भेजा और क्रेन के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।

अरविंदों अस्पताल में भर्ती गंभीर रूप से घायल महिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रेन शुक्ला ब्रदर्स की बताई जा रही है। हादसे को लेकर प्रथम दृष्टया यह जानकारी सामने आई है कि क्रेन के ब्रेक फेल हो गए थे। हालांकि पुलिस का कहना है, ब्रेक फेल नहीं थे हम क्रेन को कॉरिडोर बनाकर ले गए। यह तकनीकी जांच के बाद ही पता चलेगा घटना कैसे हुई। क्रेन बस के पीछे चल रही थी। सबसे पहले क्रेन ने एक ऑटो को टक्कर मारी, जो टक्कर के बाद एक दुकान में घुस गया। इसके बाद दो बाइक पर चढ़ते हुए आगे निकल गई। दोनों बाइक को 200 फीट तक खसीटती रही। वाणगंगा पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें क्रेन रफ्तार से आगे चल रही दोनों बाइक को कुचलते हुए दिखाई दे रही है। हादसे के चलते बाणगंगा ब्रिज के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। हादसा कैसे हुआ यह जांच की जा रही है। आरोपी क्रेन ड्राइवर अनीस खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दुर्घटना में इन तीनों नाबालिग भाइयों ने मौके पर ही तोड़ दिया दम।

हादसे में दो सगे और एक फुफेरे भाई की मौत

पुलिस के अनुसार काली देवी (झाबुआ) निवासी महिला शारदा (40) अपने दोनों बेटों रितेश (16) और शरद (6) एवं डबल चौकी के पास बंजारी गांव निवासी अपनी बहन के बेटे राज (13) के साथ रेवती रेंज में अपने भाई के बेटे की शादी में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे में रितेश, शरद और राज की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं शारदा गंभीर घायल हुई है। उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। मृतक राज शारदा की बहन का इकलौता बेटा था। मृतक रीतेश और शरद दोनों सगे भाई हैं। यह सभी एक ही बाइक पर सवार थे। हादसे में घायल शारदा का अरविंदो अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने बताया कि क्रेन में जो दूसरी बाइक घुसी वह पंचशील फार्मा कंपनी में स्टोर मैनेजर सुनील परमार पुत्र मदनलाल (55) निवासी संगम नगर की है। पुलिस ने सुनील के फोन से लास्ट डायल नंबर पर कॉल किया तो सांवेर रोड पर स्थित पंचशील ऑर्गेनिक कंपनी के दो कर्मचारी अरबिंदो पहुंचे। उन्होंने शव और मोबाइल देख उनकी शिनाख्त सुनील परमार निवासी संगम नगर के रूप में की। वे रोज कार से आते थे, लेकिन मंगलवार को ही बाइक से आए थे। उनके परिवार में भाई, पत्नी और एक बेटा है।

पूरी सड़क पर बिखरा था खून ही खून

क्रेन ने सबसे पहले जिस ऑटो को टक्कर मारी, उसके चालक जहुरुद्दीन ने बताया कि टक्कर ऐसी थी कि मैं कुछ समझ नहीं पाया। अचानक टक्कर से रिक्शा रोड किनारे एक दुकान में घुस गया। ऑटो से उतरकर देखा तो पूरी सड़क पर खून ही खून फैला था। दुर्घटना स्थल पर एक 6 साल के बच्चे के जूते पड़े थे, पर उसका शव नहीं दिख रहा था। एक हेलमेट पड़ा था। सभी शव ऐसे हो गए थे कि उन्हें पोटलियों में बांधना पड़ा। क्षणभर में चार जिंदगियां खत्म हो गईं। वहीं, प्रत्यक्षदर्शी विजय जाट ने कहा मैं अपनी दुकान के बाहर खड़ा था, तभी हादसा हो गया। 20 मिनट बाद पुलिस आई। लंबा जाम लग गया था। घटना दुकान के कैमरे में कैद हुई है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ओवरटेकिंग के कारण ब्रिज पर हादसा हुआ है। एक बस ने क्रेन को ओवरटेक किया तो उसका संतुलन बिगड़ गया। फिर क्रेन टक्कर मारती चली गई।

Back to top button