मध्य प्रदेश

भाजपा की ‘लाड़ली बहना’ को टक्कर देगी कांग्रेस की ‘नारी सम्मान’ योजना: कांग्रेस अगले महीने से भरवाएगी ‘नारी सम्मान योजना’ के आवेदन

कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को हर माह मिलेगी 1500 रुपए सम्मान निधि, 500 रुपए में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले प्रदेश की राजनीति में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है। प्रदेश के दोनों ही दल चुनाव जीतने के लिए हर तरह का जोर लगा रहे हैं। इसीके चलते दोनों ही दल एक से बढ़कर एक घोषणाएं कर रहे हैं। इस चुनाव में भाजपा की तरफ से ‘लाड़ली बहना योजना’ अहम मानी जा रही है। इसलिए भाजपा की इस योजना को टक्कर देने के लिए कांग्रेस पार्टी ‘नारी सम्मान योजना’ ला रही है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ इसकी घोषणा पूर्व में कर चुके हैं। कांग्रेस द्वारा इसकी तैयारी तेजी से की जा रही है। माना जा रहा है कि अगले महीने योजना को लांच कर दिया जाएगा। शुरूआत छिंदवाड़ा जिले से होगी, बाद में पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित कर योजना के फार्म भरवाए जाएंगे। पार्टी का दावा है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर मप्र में नारी सम्मान योजना लागू कर दी जाएगी। योजना के तहत महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान निधि दी जाएगी। इसके साथ ही 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

कांग्रेस की ‘नारी सम्मान योजना’ के लिए महिलाओं से आवेदन पत्र भरवाए जाएंगे, जिसकी शुरुआत 9 मई को छिंदवाड़ा में आयोजित महिला सम्मेलन से होगी। इसके साथ ही सभी जिलों में आवेदन पत्र भरवाने का काम प्रारंभ हो जाएगा। प्रदेश के कुल 5 करोड़ 39 लाख 87 हजार 876 मतदाताओं में से दो करोड़ 60 लाख 23 हजार 733 महिला मतदाता हैं। शिवराज सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू की है। इसमें 23 से 60 वर्ष की विवाहित महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। अब तक एक करोड़ से अधिक महिलाएं आवेदन कर चुकी हैं। आवेदन की आखिरी तिथि 30 अप्रैल 23 है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी विधायकों, कलेक्टर्स और अमले को निर्देश दिए हैं कि जो भी महिलाएं रह गई हैं, उनके आवेदन भरवाए जाएं। महिला वोटर्स को ध्यान में रखते हुए इस योजना को नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री प्रत्येक जिले में लाड़ली बहना सम्मेलन भी कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस ने भी इस योजना के मुकाबले में नई योजना तैयार की है, जिसमें महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह और पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का वचन दिया है। साथ ही कहा है प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही नारी सम्मान योजना लागू कर दी जाएगी। इसमें सभी वर्ग की महिलाएं पात्र होंगी और न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष रहेगी। आवेदन पत्र में आयु, जिला, विकासखंड, गांव या वार्ड, मध्य प्रदेश के मूल निवासी का प्रमाण, आधार नंबर और बैंक खाता नंबर लिया जाएगा।

सभी जिलों में एक साथ भरवाए जाएंगे फार्म

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह के अनुसार सभी जिलों में एक साथ 9 मई से योजना के लिए आवेदन पत्र भरवाने का काम प्रारंभ हो जाएगा। जिला कांग्रेस इकाइयों के पास ये आवेदन पत्र आएंगे और वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजेंगी। सरकार बनने पर जब योजना क्रियान्वित होगी तो अलग से आवेदन नहीं करना होगा।

प्रदेश में 2.60 करोड़ से अधिक हैं महिला मतदाता, इनके लिए अलग से बन रहा कांग्रेस का वचन पत्र

प्रदेश कांग्रेस पहली बार महिलाओं के लिए अलग से वचन पत्र तैयार कर रही है। इसमें नारी सम्मान योजना के साथ महिलाओं के हित में कांग्रेस सरकार बनने पर जो कदम उठाएगी, उनका उल्लेख रहेगा। साथ ही महिलाओं के लिए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिशन खुशहाली की शुरुआत की जाएगी। ज्ञात हो कि मध्य प्रदेश में कुल 5 करोड़ 39 लाख 87 हजार 876 मतदाताओं में दो करोड़ 60 लाख 23 हजार 733 महिला मतदाता हैं। बीजेपी ने पुन: सत्ता में आने पर 23 से 60 साल की महिलाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 1000 रुपए का लाभ देने की घोषणा की है। इसके खिलाफ विपक्षी दल कांग्रेस नारी सम्मान योजना लेकर आ रही है।

 

Back to top button