बिलासपुर

गौरेला- पेंड्रा- मरवाही व तखतपुर में कांग्रेस ने लहराया परचम, कोटा में भाजपा की जीत

बिलासपुर/मरवाही। आज हुए जनपद चुनाव में नवगठित जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही के तीनों जनपदों में कांग्रेस ने अपना परचम लहरा दिया साथ ही तखतपुर जनपद में भी कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अध्यक्ष चुनी गई है। कोटा जनपद में भाजपा को जीत मिली है। मरवाही में उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है।

जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के लिए आज जनपद मुख्यालयों में मतदान कराए गए। पूर्वानुमान के अनुसार गौरेला तथा पेंड्रा में कांग्रेस की जीत पहले से ही सुनिश्चित मानी जा रही थी और परिणाम भी उसी के अनुरुप आया लेकिन मरवाही जनपद के चुनाव को लेकर अगर-मगर की स्थिति का दावा होने के बावजूद कांग्रेस ने यहां भी अपना अध्यक्ष बना लिया।

राजेश्वरी कौशिक, तखतपुर

दूसरी ओर तखतपुर में लगभग 25 साल बाद वापसी करते हुए कांग्रेस ने एकतरफ जीत हासिल कर ली। यहां कांग्रेस प्रत्याशी राजेश्वरी कौशिक को 20 तथा भाजपा समर्थित प्रत्याशी ललिता कश्यप को 5 वोट मिले। कोटा जनपद में आज हुए मतदान के बाद भाजपा समर्थित मनोहर राज के सर जीत का सेहरा बंधा। कांग्रेस समर्थित धनसिंह पैकरा 8 के मुकाबले मनोहर को 17 वोट मिले।

जनपद पंचायत गौरेला में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित ममता पैकरा को 9 वोट, पेंड्रा जनपद अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की श्रीमती आशा मरावी व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के जीवन सिंह राठौर निर्वाचित हुए। वहीं मरवाही में प्रताप सिंह मरावी जनपद में कांग्रेस के प्रताप सिंह विजयी घोषित हुए हैं।

आज मरवाही जनपद पंचायत  में हुए अध्यक्ष वा उपाध्यक्ष के चुनाव में काफी गहमा गहमी देखी गई। चुनाव प्रारंभ होने के कुछ देर पूर्व ही कांग्रेस व जोगी कांग्रेस के नेताओं बीच काफी तीखी नोकझोंक भी हुई। इस चुनाव में जहां कांग्रेस वा जोगी कांग्रेस ने अपनी जीत के दावे किये थे। दोपहर 12 बजे बाद जनपद पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियुक्त पीठासीन अधिकारी डीकेश पटेल डिप्टी कलेक्टर बिलासपुर व सहायक पीठासीन अधिकारी सुनील अग्रवाल तहसीलदार मरवाही के निर्देशन में प्रारम्भ हुई।

मनोहर राज, कोटा

प्राप्त रिजल्ट के अनुसार मरवाही जनपद के 22 सदस्यों में कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रताप सिंह मरावी को 12 मत मिले जबकि जोगी कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रोत्तम सिंह श्याम को 10 मत मिले। वहीं उपाध्यक्ष के लिये कांग्रेस के अजय राय को 13 मत मिले। वहीं जनता कांग्रेस व भाजपा के संयुक्त प्रत्याशी आयुष मिश्रा को 9 मत ही मिले। इस तरह मरवाही जनपद पंचायत में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा हुआ।

मरवाही जनपद पंचायत के चुनाव में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता प्रमुख रणनीतिकार रहे। उन्हें अंतिम तक सभी सदस्यों को कांग्रेस के पाले में बनाये रखा। मरवाही जनपद में कांग्रेस का अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बैठाकर एक बार फिर उन्होंने अपनी राजनीतिक कुशलता का परिचय दिया। साथ ही मरवाही को लेकर जहाँ कांग्रेस की हालत चिंताजनक थी वहां से आलाकमान तक एक अच्छा संदेश भी गया।

कांग्रेसियों का रहा जमावड़ा…..

सद्भावना भवन मरवाही में चल रहे चुनाव प्रक्रिया के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज गुप्ता के साथ कांग्रेसी नेता नरेन्द्र राय, मोहनलाल शुक्ला, नारायण शर्मा, दया वाकरे, बगरार सरपंच अमोल सिंह पोट्ठाम, राजेन्द्र ताम्रकार, बेचू मास्को, जयलाल पंत, मंजू गुप्ता, बब्बा कंवर, हरीश राय, राकेस मसीह, ओम प्रकाश कुशवाहा, नारायण श्रीवास, प्रफुल्ल प्रकाश, ओमबति पेन्द्रों, रेखा तिवारी सहित सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता दिनभर डटे रहे।

निर्वाचन प्रकिया के दौरान अशोक वाडगेन्कर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के नेतृत्व में रामेश्वर पटेल नगर निरीक्षक व पूरा पुलिस बल मौजूद रहा।

@अनुपम शुक्ला की रपट

Back to top button