मध्य प्रदेश

कांग्रेस को और लगेंगे झटके आज सीएम से मिलेंगे कई असंतुष्ट

भोपाल

कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में सेंध लगाने के लिए भाजपा का हर बड़ा नेता प्रयास रत है। इसी क्रम में अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां पर पहुंच रहे हैं। वे यहां पर सोमवार की रात भी रुकेंगे। इस दौरान वे सोमवार को कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अपने छिंदवाड़ा दौरे से पहले उन्होंने यहां के महापौर विक्रम अहाके को भाजपा में शामिल कर कांग्रेस और कमलनाथ को जोर का झटका दिया है। यहां से कांग्रेस ने कमलनाथ के बेटे एवं सांसद नकुलनाथ को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने विवेक साहू बंटी को प्रत्याशी बनाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चौरई विधानसभा में रोड शो सोमवार की शाम को करेंगे। इसके बाद वे  शाहपुरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। रात में वे छिंदवाड़ा शहर में पहुंचेंगे, जहां पर वे प्रबुद्धजनों  और व्यापारियों की बैठक लेंगे। छिंदवाड़ा में ही वे रात्रि विश्राम करेंगे। इससे पहले वे यहां के कई लोगों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। मंगलवार की सुबह मुख्यमंत्री यहां पर यादव समाज की बैठक लेंगे। जिसमें केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कैलाश यादव भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के यहां के इस दौरे के बाद कांग्रेस को और झटके लगने की संभावना है। वे सोमवार की रात में कांग्रेस के ऐसे नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं, जिनके भाजपा में आने की अटकलें चल रही हैं।

दौरे में हुआ परिवर्तन
मुख्यमंत्री सोमवार को रीवा जिले के रामपुर बघेलान भी जाने वाले थे,लेकिन अब उनका यह कार्यक्रम निरस्त हो सकता है। इस तरह छिंदवाड़ा में पहले दमुआ और जुन्नारदेव और चांदामेटा में उनके कार्यक्रम होना थे, लेकिन यह सभी कार्यक्रम निरस्त हो गए हैं।
 

सीएम डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह एक साथ पहुंचे दिल्ली
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज एक साथ भोपाल से दिल्ली रवाना हुए। दोनों ही नेता भाजपा की घोषणा पत्र समिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली गए हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 वीं शताब्दी का भारत कैसा हो, इसको ध्यान में रखते हुए हमे अपना घोषणा पत्र पार्टी के सामने रखना है। घोषणा पत्र समिति में मध्य प्रदेश से ये दो नेता ही सदस्य हैं।  मुख्यमंत्री ने भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र का एक-एक शब्द गीता, रामायण की तरह पवित्र ग्रंथ है। हम उसका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी इसमें रहेगी। मोदी जो कहते हैं वो करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की कई योजनाएं बहुत लोकप्रिय हैं, उनके आधार पर ही भारतीय जनता पार्टी चुनाव की तरफ जा रही है। उन्होंने कहा तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में घोषणा पत्र बन रहा है।

Back to top button