मध्य प्रदेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने फिर साधा सिंधिया पर निशाना, बोले- 24 कैरेट के गद्दार हैं सिंधिया

बोले- जिस संगठन में राजनीति की, अब उसी के बारे में बुरा बोल रहे हैं, सिंधिया और हेमंत विस्व सरमा

भोपाल/आगर मालवा। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल जयराम रमेश ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सिंधिया 24 कैरेट के गद्दार हैं। उनकी कांग्रेस में कभी वापसी नहीं हो सकती। कपिल सिब्बल ने भी कांग्रेस छोड़ी, लेकिन कभी कांग्रेस और वरिष्ठ नेताओं को लेकर टिप्पणी नहीं की। सिंधिया हमारी लीडरशिप के बारे में गलत बात कर रहे हैं। दोनों नेताओं की कांग्रेस में कभी वापसी नहीं होगी।

जयराम रमेश आज शनिवार को सुबह भारत जोड़ो यात्रा के आगर कैम्प साइड पर मीडिया से बात कर रहे थे। यहां पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि जिस संगठन में सिंधिया ने राजनीति की। अब उसी के बारे में बुरा बोल रहे हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लगातार सिंधिया पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने उज्जैन में कहा था कि सिंधिया अपना दिल्ली का बंगला नहीं छोड़ना चाहते थे। सांसद का चुनाव हारने के बाद उन्हें बंगला खाली करना पड़ा था। उन्हें मंत्री भी बनना था, इसलिए भाजपा में चले गए। ऐसे नेता ही 24 कैरेट के गद्दार होते हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा अब राजस्थान में प्रवेश करेगी। अन्य राज्यों में यात्रा को अच्छा समर्थन मिला है। राजस्थान में भी यात्रा सफल होगी।

कम्प्यूटर बाबा की मौजूदगी पर भाजपा ने उठाए सवाल

भारत जोड़ो यात्रा में विवादित संत कम्प्यूटर बाबा भी शामिल हुए। उनकी मौजूदगी पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि कम्प्यूटर बाबा जेल जा चुके हैं। उन पर जमीनों की धोखाधड़ी के आरोप है। यदि ऐसे लोग यात्रा में चलेंगे तो देश को नुकसान होगा। फायदा नहीं होने वाला है।

राजस्थान की सीमा के करीब पहुंची यात्रा, आम लोगों के साथ चले राहुल गांधी

मध्य प्रदेश में 10वें दिन भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान जिले की सीमा के करीब पहुंच गई है। शनिवार सुबह राहुल गांधी ने आगर से यात्रा शुरू की। रविवार को यात्रा राजस्थान के झालावाड़ जिले के चानवली से शुरू होगी। भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में दसवा दिन है। यात्रा रविवार को राजस्थान में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी ने आगर के छावनी नाका में शुक्रवार रात एक सभा को भी संबोधित किया। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी और नोटबंदी ने छोटे व्यापार की कमर तोड़कर रख दी। बड़े सेक्टर दो-तीन उद्योगपतियों के पास जा रहे हैं। इससे रोजगार नहीं मिलने वाला है। यात्रा के मद्देनजर आगर रोड के एक तरफ का ट्रैफिक सुबह बंद कर दिया गया था। राहुल गांधी आम लोगों से मिलते हुए चल रहे थे और हाथ हिला कर उनका अभिवादन भी कर रहे थे। यात्रा में कम्प्यूटर बाबा भी शामिल हुए।

जगह-जगह लगे मंच

आगर मार्ग पर भारत जोड़ो यात्रा के लिए कांग्रेस ने स्वागत मंच लगाकर रखे थे। राहुल ने दो ग्रामीणों को बुलवाया और उनसे चर्चा की। यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विधायक जीतू पटवारी, विपिन वानखेड़े भी शामिल हुए। जयराम रमेश यात्रा में सबसे आगे चल रहे थे। दोपहर में यात्रा सुसनेर से शुरू होगी। यात्रा रात्रि विश्राम लालाखेड़ी गांव में करेगी। उल्लेखनीय है कि शनिवार को यात्रा का 86वां दिन है। अभी तक 37 जिलों और छह राज्यों का सफर भारत जोड़ो यात्रा तय कर चुकी है। मध्य प्रदेश में यात्रा बुरहापनुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन जिले के बाद आगर जिले में जा चुकी है। श्री नगर तक जाने के लिए यात्रा 1141 किलोमीटर का सफर तय करेगी। 24 दिसंबर तक यात्रा दिल्ली पहुंचेगी और वहां पांच दिन का ब्रेक लिया जाएगा।

सिंधिया को हराने वाले bjp सांसद के भाई कांग्रेस में, बोले-भाई मजबूरी में बीजेपी में गए

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में आज शनिवार को 11वां दिन है। यात्रा अभी आगर-मालवा जिले में है। यहां काशीबर्डिया में रात्रि विश्राम के बाद सुबह यात्रा बस स्टॉप महुड़िया से शुरू हुई। दोपहर में ब्रेक के बाद यात्रा शाम 4 बजे जैन मंदिर सुसनेर से शुरू होगी। यात्रा का शाम का ब्रेक 7 बजे मंगेशपुरा चौराहा पर होगा। ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले बीजेपी सांसद केपी यादव के भाई अजय यादव भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। अजय ने कहा- भाई मजबूरी में बीजेपी में गए थे। हमारा परिवार कांग्रेस के साथ है। गौरतलब है कि केपी पहले ज्योतिरादित्य के करीबी थे और राजनीतिक हत्या करने का आरोप लगाकर उन्होंने बीजेपी जॉइन कर ली थी। इसके बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव में सिंधिया को हराया। बाद में ज्योतिरादित्य भी बीजेपी में आ गए। उसके बाद से सांसद केपी यादव बीजेपी में उनके साथ भेदभाव होने के संकेत रह रहकर देते रहे हैं।

यात्रा अन्नपूर्णा ढाबा के पास लालाखेड़ी में करेगी रात्रि विश्राम

नाइट स्टे अन्नपूर्णा ढाबा के पास लालाखेड़ी में किया जाएगा। रविवार सुबह 6 बजे कैंपस साइट से शुरुआत करते हुए ब्रेक 10 बजे गर्ल्स हॉस्टल के पास सोयतकला आगर में करेंगे। शाम 7 बजे पिपलेश्वर बालाजी मंदिर, डोंगरगांव होते हुए नाइट स्टे राजस्थान में होगा। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने कई लोग बैंड-बाजों के साथ पहुंचे। कालापीपल विधायक कुणाल चौधरी भी ढोल बजाते हुए यात्रा में शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा ने अंकली के पास टी ब्रेक लिया। इससे पहले राहुल गांधी ने विकलांगों से भी मुलाकात की। दक्षिण के ख्यातनाम संगीतकार टीएम कृष्णा भारत जोड़ो यात्रा भी शामिल हुए। उन्हें देश में एकजुटता के प्रयासों के लिए मैग्सेसे और इंदिरा गांधी पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। टीएम कृष्णा आगर जिले में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए कल देर रात इंदौर पहुंचे थे। आमला चौराहा पर पीसीसी सदस्य भेरू सिंह बापू ने मंत्रोच्चार के साथ भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत किया। राहुल की यात्रा के पीछे इंदौर-कोटा नेशनल हाईवे पर बड़ी संख्या में वाहन चल रहे हैं। करीब 2 किलोमीटर तक वाहन ही वाहन नजर आ रहे हैं। इन वाहनों के बीच कुछ कांग्रेस नेताओं के वाहन फंस गए, इसलिए वे यात्रा में शामिल नहीं हो सके।

Back to top button