मध्य प्रदेश

सीएम की घोषणा : देवी लोक सलकनपुर में 64 योगिनी और माता के 9 स्वरूपों की प्रतिमाएं होंगी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और क्रिकेटर गौतम गंभीर ने किए विजयासन माता में दर्शन

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि श्रीमहाकाल महालोक उज्जैन की तर्ज पर सलकनपुर देवी मंदिर में बनने वाले देवी लोक में 64 योगिनी और माता के 9 स्वरूपों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। आगामी नवरात्र में मंदिर परिसर में भव्य कार्यक्रम किया जाएगा, जिसमें देवी लोक की परिकल्पना को श्रद्धालुओं के समक्ष रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रविवार को प्रसिद्ध क्रिकेटर एवं सांसद गौतम गंभीर के साथ सलकनपुर माता मंदिर में विधि-विधान से पूजन कर आरती की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट की ओर से सांसद गौतम गंभीर का माता की चुनरी, शॉल-श्रीफल और प्रसाद भेंट कर सम्मान किया। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान, सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय एवं श्रद्धालुजन उपस्थित थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह में देवी लोक की परिकल्पना का प्लान तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर देवी लोक निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाना है। पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक ने बताया कि वर्तमान में मंदिर में चल रहे विकास कार्यों में पार्किंग, दुकान निर्माण और तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य लगभग 60% पूर्ण हो गए हैं। मार्च माह तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे।

Back to top button