मध्य प्रदेश

सीएम शिवराज सिंह ने अमरकंट में नए निर्माण पर लगाई रोक, बोले- पर्वत के ऊपर अब कुछ नहीं बनेगा ….

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि अमरकंटक में अब कोई  नया निर्माण नहीं होगा। उन्होंने यहां मंत्रिपरिषद् की बैठक से पहले मंत्रियों को विभिन्न विषयों की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के मध्यप्रदेश के आगामी कार्यक्रमों, इंदौर में होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन और इन्वेस्टर समिट के आयोजन के बारे में बताया। उन्होंने अमरकंटक क्षेत्र में नवनिर्माण पर रोक लगाने संबंधी योजना से भी उन्हें अवगत कराया।

शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों को जनजातीय क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 9 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन मध्यप्रदेश में करने का आग्रह किया। इसी क्रम में नवंबर में होने वाली इन्वेस्टर समिट अब इंदौर में 7 और 8 जनवरी को होगी, जिसके फौरन बाद 9 और 10 जनवरी को इंदौर में ही प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन होगा।

शिवराज चौहान ने कहा कि अमरकंटक में किसी भी कीमत पर नया निर्माण नहीं होने देने का फैसला करना होगा। वहां मैकल पर्वत के नीचे एक सैटेलाइट सिटी बनाएंगे। वहां लोग होटल, रेस्टोरेंट बनाएं। यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था करेंगे। जो कुछ भी बनेगा, वो पर्वत के नीचे बनेगा। पर्वत से ऊपर अनुमति नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा का अस्तत्वि अगर नहीं रहा तो मध्यप्रदेश की कल्पना नहीं कर सकते।

Back to top button