मध्य प्रदेश

सीहोर गौरव दिवस पर बोले सीएम : भोपाल के उप नगर के रूप में विकसित किया जाएगा सीहोर को, मेट्रो लाने का किया ऐलान

सीएम ने की घोषणा- सभी के सहयोग से सीहोर को भारत के अग्रणी नगरों में एक बनाएंगे, जलियावाला बाग जैसा भव्य स्मारक बनाया जाएगा, औद्योगिक क्षेत्र का होगा विकास

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर के गौरव दिवस समारोह को संबोधित किया।

भोपाल/सीहोर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सभी के सहयोग से सीहोर को भारत के अग्रणी नगरों में एक बनाया जाएगा। सीहोर के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। यहाँ औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। भोपाल के उप नगर के रूप में सीहोर का विकास किया जाएगा। भोपाल से सीहोर को लाइट मेट्रो के माध्यम से जोड़ा जाएगा। यहाँ के प्रसिद्ध चिंतामन गणेश मंदिर का भी श्री महाकाल लोक की तरह विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सीहोर वीरों की भूमि है। अमर शहीद चैन सिंह ने अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए। सीहोर में जिस स्थान पर शहीदों को तोप से उड़ा दिया गया था, वहाँ जलियावाला बाग की तरह ही भव्य स्मारक का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने 41 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का किया शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज सीहोर में सीहोर गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने सीहोर की 32 हस्तियों को गौरव सम्मान से सम्मानित किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर ही 41 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा‍कि सीहोर का शरबती गेहूँ दुनियाभर में मशहूर है। इसके निर्यात को प्रोत्साहित किया जाना जरूरी। सीहोर कृषि विज्ञान केन्द्र में ही सोयाबीन की दो किस्में जवाहर 9305 और 15601 विकसित की गईं। सीहोर की कचौरी, कड़ी, पूरी, सीरा, सेव, मंगोड़े प्रसिद्ध हैं। सीहोर में कृषि यंत्र बनते हैं।

सीएम ने शहर को स्वच्छता में नम्बर-1 बनाने और नशामुक्त करने का संकल्प दिलाया

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में बेटियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। बेटियों के प्रति दुराचार करने वालों को फाँसी की सजा का प्रावधान है। अभी तक 89 व्यक्तियों को फाँसी की सजा सुनाई गई है। बेटियों की उच्च शिक्षा की फीस सरकार भरती है। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना में 12वीं में 75% या इससे अधिक अंक लाने वालों को सरकार लेपटॉप तो देती ही है, साथ ही उनकी उच्च शिक्षा की फीस भी सरकार भरती है। प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी भर्तियों के अलावा उद्योगों से रोजगार सृजित किए जा रहे हैं। स्व-रोजगार के लिए भी व्यापक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश में ऐतिहासिक फैसला लेते हुए मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिन्दी में प्रारंभ की गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीहोर के विकास के लिए रखी गई विभिन्न माँगों, नगर में सीसी रोड निर्माण, फुटपाथ निर्माण, नाला सौंदर्यीकरण, दो पुल निर्माण, स्ट्रीट लाइट्स में एलईडी लगवाने, तालाब गहरीकरण, मार्ग निर्माण आदि को पूरा करने की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी को नगर को आगे बढ़ाने, नगर को स्वच्छता में नम्बर-1 बनाने और नशामुक्ति आदि का संकल्प दिलाया।

 समाजजनों ने नगर के विकास का लिया संकल्प

मुख्यमंत्री श्री चौहान की प्रेरणा पर नगर के विभिन्न समाज के लोगों ने नगर के विकास में योगदान करने का संकल्प लिया। राठौर समाज ने 11 कन्याओं के विवाह, चौरसिया समाज ने सफाईकर्मियों को गणवेश देने, जैन समाज ने प्रवेश द्वार के निर्माण, आई.ई.एफ. स्कूल द्वारा दो चौराहों के सौंदर्यीकरण, नगर पालिक अध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा प्रत्येक गली में दुकानों के आगे डस्टबिन रखवाने, ब्राम्हण समाज द्वारा 4 आँगनवाड़ियों को गोद लेने, संडे सुकून ग्रुप द्वारा नगर में बड़े गमले रखवाने और सेल्फी पॉइन्ट बनवाने, किराना व्यापारी संघ ने सभी चौराहों पर डस्टबिन रखवाने का, अग्रवाल समाज द्वारा प्रमुख चौराहे के सौंदर्यीकरण, पेट्रोल पम्प संघ द्वारा कचरा गाड़ी देने, क्रिश्चियन समाज द्वारा तहसील चौराहे का सौंदर्यीकरण और मुस्लिम समाज द्वारा नगर के सौंदर्यीकरण के लिए बिजली व्यवस्था का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी  : सांसद सुश्री प्रज्ञा ठाकुर

सांसद सुश्री प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। वे निरंतर प्रदेश के विकास में लगे रहते हैं। प्रदेश में बेटियों का विशेष सम्मान है। बेटियों के प्रति अत्याचार करने वालों को फाँसी की सजा दी जाती है। विधायक सुदेश राय ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान सीहोर के सबसे बड़े गौरव हैं। उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में 29 नवम्बर, 2005 को शपथ ग्रहण की थी। इसी दिन को सीहोर के गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने स्वागत भाषण दिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह, पुत्र कार्तिकेय सिंह, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रभुराम चौधरी, सांसद सुश्री प्रज्ञा ठाकुर, सांसद रमाकांत भार्गव, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह उपस्थित थे।

शहरवासियों ने घरों, गली, मोहल्लों में साज-सज्जा कर, दीप लगाकर रंगोली बनाकर और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया।

शहरवासियों ने घर-आंगन को रंगोली, दीप और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया

सीहोर नगर के गौरव दिवस पर रोड-शो के दौरान नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर किए गए अभिनंदन से मुख्यमंत्री श्री चौहान अभिभूत हुए और नगरवासी भी अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर भाव-विभोर हो उठे। लगभग दो किलोमीटर चले रोड-शो में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी अपने घरों से बाहर  निकल कर मुख्यमंत्री का स्वागत करने आतुर दिखे। नगर के गौरव दिवस पर नगरवासियों ने अपने घरों को रंग-बिरंगी रोशनी,  रंगोली और दीप जला कर घर-आँगन को सजाया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान का शहरवासियों ने किया भव्य अभिनंदन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सपरिवार सीहोर नगर के गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नगर भ्रमण भी किया। इस दौरान नगरवासियों ने पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री श्री चौहान का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी शहरवासियों को गौरव दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ दी। नगर भ्रमण के दौरान बड़ी संख्या में शहर के अनेक सामाजिक संस्थाओं, व्यवसासियों, नागरिकों, युवाओं, बच्चों तथा महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का फूल माला पहना कर स्वागत सत्कार किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर के गौरव दिवस पर विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

सीएमइन विकास कार्यों का किया शिलान्यास

5 करोड़ रुपए की लागत से 100 सीटर कन्या छात्रावास (बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना) का शिलान्यास, 03 करोड़ 46 लाख रुपए की लागत से सीहोर शहर में ब्रह्मपुरी तिराहे से श्मशान घाट इंदिरा नगर से फोरलेन बाईपास तक सीसी मार्ग का निर्माण कार्य, 6 करोड़ 89 लाख रुपए की लागत से कोलीपुरा तिराहे से झागरिया बायपास तक फोरलेन सीसी मार्ग का निर्माण, 33 लाख रुपए की लागत से बांसिया से बरनावद सड़क निर्माण, 60 लाख रुपए की लागत से अहमदपुर बरखेड़ा हसन रोड से पंदा सड़क निर्माण, 35 लाख रुपए की लागत से बरखेड़ा दोराह से चौकी सड़क निर्माण, 66 लाख रुपए की लागत से खाईखेड़ा छतरी रोड से रामजाखेड़ा सड़क निर्माण, 60 लाख रुपए की लागत से चरनाल रोड से मोतीपुरा कलां सड़क निर्माण, 29 लाख रुपए की लागत से श्यामपुर रोड से मानपुरा, 51 लाख रुपए की लागत से सिराड़ी से रासलाखेड़ी सड़क निर्माण तथा 65 लाख रुपए की लागत से अहमदपुर रोड से विलेज गोंडी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इन कार्यों का लोकार्पण भी किया

एक करोड़ 12 लाख रुपए की लागत से बने मोतीपुरा बैराज का लोकार्पण किया। एक करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से बने छतरी बैराज का लोकार्पण, 3 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से बरखेड़ाहसन (टी-05) से लोधीपुरा उमरझिर, एक करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से बने मुंगावली से बड़बेली सड़क, एक करोड़ 18 लाख रुपए की लागत से टी-06 एनएच 12 बराड़ी से सेमरादांगी मार्ग के चैनेज 2515 मीटर पर पुल, दो करोड़ 8 लाख रुपए की लागत से टी-06 एनएच 12 बराड़ी से सेमरादांगी मार्ग के चैनेज 5380 मीटर पर पुल, एक करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से टी-06 एनएच 12 बराड़ी से सेमरादांगी मार्ग के चैनेज 7000 मीटर पर पुल, 8 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से बने शासकीय शाला (370), आंगनबाड़ी केन्द्र (180), उपस्वास्थ्य केन्द्र (08), आश्रम एवं छात्रावास (03), ग्रामीण पंचायत भवन (74), कुल-635 संस्थाओं में पेयजल व्यवस्था का कार्य तथा एक करोड़ 5 लाख रुपए की लागत से बने जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र (डीईआईसी) भवन का लोकार्पण किया।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर के गौरव दिवस पर आमंत्रित पार्श्वगायक मोनाली ठाकुर का पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। सीहोर के गौरव दिवस समारोह में पार्श्व गायक मोनाली ठाकुर ने आकर्षक गीतों की प्रस्तुति दी। उपस्थित जन इन प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध हो उठे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सांसद सुश्री प्रज्ञा ठाकुर सीहोर नगर के गौरव दिवस पर सैकड़ाखेड़ी स्थित शहीद स्थल पहुँचे और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 14 जनवरी 1858 को सीहोर में स्वतंत्रता के प्रथम संग्राम में 356 क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस स्थान पर भव्य स्मारक बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सांसद सुश्री प्रज्ञा ठाकुर ने सीहोर के प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

Back to top button