छत्तीसगढ़

सीएम जनसभा में बोले- कांग्रेस ने विकास रोका, जब्त होगी जमानत

बस्तर/सरगुजा.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महेश कश्यप मतलब विष्णुदेव साय। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। वोट बैंक के रूप में आदिवासियों के वोट लेते रहे, लेकिन आदिवासियों का विकास नहीं हुआ। साय ने बुधवार को बस्तर की लोकसभा सीट के लिए आयोजित नामांकन दाखिला रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पांच साल कांग्रेस पार्टी की सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूटा, बस्तर और सरगुजा का विकास रोकने का काम किया।

अब एक बार फिर कांग्रेस को सबक सिखाने का मौका मिला है। बस्तर की जनता इस बार कांग्रेस की जमानत जब्त करायेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर और सरगुजा हमारी सरकार के विशेष फोकस में रहेगा। जहां तक बस्तर क्षेत्र के विकास की बात है यह भारतीय जनता पार्टी की देन है। हमारे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की देन है। पूरे बस्तर क्षेत्र का और छत्तीसगढ़ का विकास अगर किसी ने किया है तो भाजपा की सरकार ने किया है। साय ने कांग्रेसी कुशासन की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले 5 वर्षों में क्या हाल हुआ? पूरे बस्तर क्षेत्र ने विकास की गति पकड़ी थी, 15 वर्षों में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में पूरे छत्तीसगढ़ का विकास हो रहा था, उसे रोकने का काम कांग्रेस की भूपेश सरकार ने किया। जो भी केंद्र से गरीबों के लिए योजनाएं थी सबको बंद करने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया।सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों का हक छीना। इसलिए इस बार इस कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है।

मोदी को चुनने महेश कश्यप को चुने- किरणदेव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि जिस तरह विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मतदाताओं का आशीर्वाद मिला और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज कर सरकार बनाई, उसी तरह लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को जिताकर हमें संसद में भेजना है। ये चुनाव मोदी का है और हम सभी को मिलकर तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।

कांग्रेस ने भ्रष्टाचारियों को बनाया प्रत्याशी
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि एक तरफ भाजपा ने गरीब के किसान के बेटे महेश कश्यप को अपना प्रत्याशी बनाया है, तो वहीं कांग्रेस पार्टी ने कवासी लखमा को अपना प्रत्याशी बनाया है जिन्होंने बस्तर की जनता का हक मारा है और जिनके ऊपर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं।

भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने कहा कि मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाना भाजपा में ही संभव है। स्व. अटलबिहारी बाजपेयी के सपने को साकार करते हुए हम 138 साल पुरानी कांग्रेस से बस्तर को मुक्त बनाएंगे।

Back to top button