मध्य प्रदेश

सीएम ने खजुराहो की लोक कला पंचायत में कलाकारों के हित में की अनेक घोषणाएं, बोले- लोक कला, संस्कृति को निरंतर बढ़ावा मिलेगा

शिवराज सिंह ने कहा- आर्थिक रूप से कमजोर, मप्र का नाम रोशन करने वाले कलाकारों की वित्तीय सहायता 800 से बढ़कर 5 हजार रूपए होगी

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार लोक कला और संस्कृति को निरंतर बढ़ावा देगी। लोक कला की परंपरा को जीवित रखना और आगे भी बढ़ाना मध्यप्रदेश सरकार का उद्देश्य है। मुख्यमंत्री श्री चौहान बुधवार को छतरपुर जिले के खजुराहो में आदिवर्त के लोकार्पण समारोह के बाद लोक कलाकार पंचायत को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार, सूक्ष्म, लघु,मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा सहित अन्य विशिष्टजन भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश के कलाकारों के हित में अनेक घोषणाएँ की। उन्होंने कहा कि जो कलाकार आर्थिक रूप से कमजोर है और जिन्होंने मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है, उनको प्रतिमाह मिलने वाली वित्तीय सहायता 800 को बढ़ा कर 5 हजार रूपए किया जाएगा। कलाकारों के दिवंगत होने पर उनके परिवार को 3500 रूपए प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जाएगी। कला के प्रदर्शन के लिए बुलाने पर अभी उन्हें प्रतिदिन मिलने वाले 800 रूपए के मानदेय को बढ़ा कर 1500 रूपए किया जाएगा। दैनिक भत्ता भी 250 से बढ़ा कर 500 रूपए किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कलाकारों की चिंता करना मध्यप्रदेश सरकार का कर्त्तव्य है। कलाकारों को रोजगार मिलता रहे, इसके लिये संस्कृति विभाग सालभर कार्यक्रम करता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिल कर कला, संगीत, नृत्य की परंपरा को जीवित रखना होगा। आदिवर्त संग्रहालय को अब पूरी दुनिया देखेगी। जनजातीय कला का अब विश्व स्तरीय प्रकटीकरण होगा। समारोह के अंत में मुख्यमंत्री श्री चौहान , केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, प्रभारी मंत्री श्री सखलेचा ने मंच से नीचे आकर खाट पर बैठ कर कलाकारों के साथ फोटो भी खिचवाएँ तथा कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नृत्य को देखा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश शासन के राज्य शिखर सम्मान से कलाकारों को अलंकृत भी किया। पदमश्री भूरी बाई, गोंड चित्रांकन के लिए दुर्गा बाई व्याम, बैगा नृत्य के लिए अर्जुन सिंह धुर्वे एवं जोधैया बाई, राई नृत्य को विश्वमंच पर पहचान दिलाने के लिए पदमश्री रामसहाय पांडेय को अलंकृत किया। हिंदी साहित्य के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए अश्विनी कुमार दुबे, संस्कृत साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए डा.भगवतीलाल राज पुरोहित एवं डा.विजया शर्मा, रूपंकर कला के लिए अनिल कुमार, नाटक क्षेत्र के लिए प्रशांत खिड़वड़कर, जनजातीय और लोककला के क्षेत्र में योगदान के लिए सावित्री बाई बैगा, सारंगी वादन के क्षेत्र में योगदान के लिए उस्ताद मुन्ने खान को सम्मानित किया।

सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो कला, संस्कृति और अध्यात्म का केंद्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच से देश के अलग-अलग स्थानों पर बैठक के जरिए स्थानीय कला, संस्कृति और परंपरा से परिचित कराने जी-20 संस्कृति कार्य समूह की बैठक खजुराहो में होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि विश्व विख्यात खजुराहो नृत्य समारोह के आयोजन का यह 49वां वर्ष है। इस नृत्य समारोह ने भी नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। सांसद ने कहा कि वर्ल्ड हेरिटेज और आइकॉनिक सिटी खजुराहो को नया स्वरूप प्रदान किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों और अधिकारी, कर्मचारियों सहित सर्व समाज के सहयोग से खजुराहो शहर को सजाने संवारने और क्लीन एवं ग्रीन खजुराहो बनाने के कार्य में योगदान के लिए सभी का अभिनंदन कर आभार जताया।

सांसद श्री शर्मा ने कहा की मुख्यमंत्री श्री चौहान की घोषणा के परिपालन में आदिवर्त संग्रहालय लोकार्पित किया गया है। इसके माध्यम से पर्यटकों को जनजातीय समाज के रहन, सहन संस्कृति के संरक्षण के प्रयासों से रू-ब-रू होने का मौका मिलेगा। साथ ही उम्मीद जताई कि कला संस्कृति के संरक्षण के लिए आर्यावर्त संग्रहालय मील का पत्थर साबित होगा। सांसद श्री शर्मा ने सभी नागरिकों को खजुराहो को सोलर सिटी बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।

Back to top button