मध्य प्रदेश

गौरव दिवस पर सतना को सीएम ने दी 400 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

बोले: सतना बदल रहा, लोगों की सोच बदल रही, 1 साल में इंदौर को टक्कर देगा

भोपाल/सतना। सतना गौरव दिवस के मौके पर सतना पहुंचे सीएम शिवराज ने कहा कि आज सतना का गौरव दिवस है, इसलिए मुख्यमंत्री का नहीं बल्कि उनका स्वागत-सम्मान होना चाहिए, जिन्होंने सतना का गौरव बढ़ाया। उन्होंने मंच पर जिले की विभूतियों को सम्मानित किया। इसके पश्चात 400 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ और सीएम आवासीय भू-अधिकार योजना में हितग्राहियों को पट्टों का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों को पेड़ लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। इससे पहले सीएम ने कन्या पूजन किया।

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि गौरव दिवस की कल्पना मेरे दिमाग में इसलिए आई, क्योंकि हर काम सरकार नहीं कर सकती। सरकार के साथ जब समाज मिलता है, तब देश खड़ा होता है। कोई भी गांव, क्षेत्र, शहर जनता और जनार्दन के सहयोग से ही बनता है। प्रदेश के हर गांव, हर नगर का गौरव दिवस इसी उद्देश्य से मनाया जा रहा है कि वहां की जनता अपने क्षेत्र के गौरव के विषय में जाने और उसके विकास में पूरा सहयोग करे। उन्होंने कहा कि मैंने अपने ग्राम जैत से इसकी शुरूआत की थी। जब गांव वालों ने मुझे मांग-पत्र सौंपा और कहा कि बाढ़ की मिट्टी हटाने के लिए पैसे दे दो, तब मैंने फावड़ा उठाया और उनके साथ मिलकर नदी घाट की सफाई करने निकल पड़ा। पीएम नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान की अवधारणा भी जन-सहयोग पर आधारित है। आज प्रदेश का इंदौर नगर हर नागरिक के सहयोग से ही स्वच्छता में नम्बर एक है। हम सभी अपने नागरिक कर्त्तव्यों का पालन करें और अपने गांव-नगर को उत्कृष्ट बनाएं।

सतना में गौरव दिवस समारोह में सतना की बेटी सुश्री कृपा मिश्रा ने प्रस्तुत योग का अदभुत प्रदर्शन किया

अपने जयकारे सुनकर कहा- भांजों की जयकार में मामा की जय

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जयकारे सुनकर कहा, भांजो की जयकार में मामा की जय-जय। सीएम बोले- हर काम मांग पत्र से नहीं होता। जब मैं पहली बार विधायक बना तो क्षेत्र में सम्मान समारोह भंडारा हुआ और कुएं की सफाई के लिए पैसे मांगने लगे। मैंने कहा कि विधायक के स्वागत के लिए 2 लाख थे, लेकिन कुएं की सफाई के लिए पैसे नहीं हैं। तब लोगों ने कहा- वो काम तो सरकार का है। बहुत दिनों से शारदा माता के दर्शन नहीं किए थे, लगा मैया कह रही हैं कि तुम बहुत दिन से नहीं आए। सीएम ने कहा कि सतना में चित्रकूट, रामवन, भटनवारा, गैवीधाम और सिद्धा हैं। सिद्धा की लीज मैंने निरस्त कराई। आज यहां वे बच्चे भी आये हुए हैं, जिन्होंने कोविड में अपने माता-पिता खो दिये। उन्होंने बच्चों से कहा कि तुम अकेले नहीं हो, पूरी सरकार तुम्हारे साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री कोविड बाल कल्याण योजना में इन बच्चों को प्रतिमाह 5 हजार रूपये सहायता दी जाती है। कोरोना में जिन बच्चों के माता-पिता चले गए, उनका ध्यान हमने दिया। हमने तय किया कि 5 हजार उनके खाते में डाले जाएंगे। क्या जिनके माता पिता नहीं उनके हम नहीं हो सकते?

गौरव उत्सव समारोह में उपस्थित जन समूह।

लोग आगे आएं तो इंदौर को टक्कर देगा सतना : शिवराज सिंह

उन्होंने कहा कि जितने विकास के काम हमने किए, उतने कांग्रेस ने कभी नहीं किए। 15 लाख करोड़ के प्रस्ताव इंदौर इन्वेस्टर समिट में आए, जिनमें से 2 लाख करोड़ से अधिक के प्रपोजल विन्ध्य के लिए हैं। विंध्य और सतना के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जायेगी। मेडिकल कॉलेज को सर्व-सुविधायुक्त बनाया जायेगा और नये महाविद्यालय की स्थापना का कार्य किया जायेगा। सतना अद्भुत शहर है, यह शहर अपने यहां ऐतिहासिक गौरव समेटे हुए है। मुझे विश्वास है कि एक साल के अंदर सतना, इंदौर को टक्कर दे देगा। सतना बदल रहा है। यहां के लोगों की सोच बदल रही है। सतना के गौरव के लिए लोग आगे आएं और उनका मन आनंद से भरे तो सतना को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। इंदौर इसलिए स्वच्छता में नंबर वन है, क्योंकि वहां के बच्चे-बच्चे के मन में भाव हैं। वहां के ड्राइवर भी गाड़ी रोककर कचरा उठाते हैं।

चित्रकूट में राम की कथाएं चित्रित करते हुए भव्य लोक बनेगा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विंध्य क्षेत्र पवित्र धाम है। यहां भगवान श्रीराम ने 11 साल 11 महीने और 11 दिन बिताए थे। मैंने सबसे पहले आज यहां आकर मां शारदा के दर्शन किये हैं। चित्रकूट में भगवान राम की कथाओं को चित्रित करते हुए शीघ्र ही भव्य लोक का निर्माण किया जायेगा। साथ ही मैहर के मां शारदा देवी मंदिर में कॉरिडोर का निर्माण भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिना पेड़ लगाए मेरा दिन नहीं शुरू होता, क्योंकि ये धरती भी हमारी है। आप भी इस परंपरा को आगे बढ़ाइए। आप सब मिलकर ऐसा प्रयास करिये की सतना अद्भुत शहर बन जाये।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना में सतना गौरव दिवस समारोह में नगर की प्रतिभाओं को सम्मानित किया।

गौरव दिवस पर व्यापारियों ने जलाए 5 लाख दीये

उन्होंने कहा कि आज मैं यहां जिले की प्रतिभाओं और समाज-सेवियों का सम्मान करने आया हूं। यहां के व्यापारी, व्यवसाई, उद्यमी, किसान सभी सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आज यहां व्यापारियों ने 5 लाख दीये जलाये हैं। मन आनंद से भर गया है। भगवान राम जब अयोध्या लौटे थे, तो घर-घर दीये जले थे। कार्यक्रम में पिछड़़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामखेलावन पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कौल, विधायक विक्रम सिंह, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना में सतना गौरव दिवस समारोह में नगर की प्रतिभाओं को सम्मानित किया।

सांसद ने सीएम शिवराज द्वारा सतना को दी गई सौगातें गिनाईं

सासंद गणेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सतना को विकास की कई सौगातें दी हैं। उनके प्रयासों से यहां स्मार्ट सिटी योजना, चित्रकूट में कॉरिडोर निर्माण, मां शारदा मंदिर में कॉरिडोर निर्माण, मेडिकल कॉलेज, सतना शहर में एलिवेटेड रोड, जिले में 5 रेल्वे ओव्हर ब्रिज, दौरी-सागर बांध, बमीठी-सतना फोर-लेन और हवाई अड्डा विकास के कार्य हुए हैं। महापौर योगेश ताम्रकार ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने नगर निगम की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि गत 5 माह में नगर में 107 स्कूलों में स्मार्ट क्लॉस, नगर में 21 हजार एलईडी लाइट, 480 सीसी टीव्ही कैमरे, कम्प्यूटराइज्ड वॉटर सप्लाई, 330 आंगनवाड़ियों की साज-सज्जा, 3 बड़े नालों का सुधार और 9 संजीवनी क्लीनिक का निर्माण किया गया है।

Back to top button