नई दिल्ली

दिल्ली में छाए रहेंगे बादल, कई इलाकों में होगी झमाझम बारिश; 7 डिग्री लुढ़का पारा …

नई दिल्ली। दिल्ली में आज सुबह से लेकर दोपहर तक और फिर शाम से लेकर रात तक दिल्ली के विभिन्न इलाकों में बारिश होती रही। इसके चलते शनिवार को तापमान में सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बीते तीन दिनों से लगातार दिल्ली के तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली के कई इलाकों में सितंबर माह में होने वाली सामान्य बारिश से ज्यादा पानी बरस चुका है।

मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी राजधानी में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में जोरदार बारिश होगी। मौसम विभाग ने राजधानी में पांच दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई थी। बीते तीन दिनों से दिल्ली में बारिश हो रही है। बीते गुरुवार से दिल्ली में रोजाना कई घंटे लगातार हो रही बारिश के चलते मौसम में ठंड महसूस की जा रही है। राजधानी में शनिवार को अधिकतम तामपान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री कम है।

वहीं, न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है। लगातार हो रही बारिश के सोमवार को कम होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री जबकि न्यूनत्तम तापमान 23 डिग्री रह सकता है।

निगम को पूरी दिल्ली से शुक्रवार रात से लेकर शनिवार तक कुल 16 स्थानों से पेड़ गिरने या फिर पेड़ों की शाखाएं गिरने की शिकायत प्राप्त हुई। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी, कालकाजी, जंगपुरा, मोदी मिल ओखला, पंचशील पार्क, एशियाड गांव, मंडी गांव, वसंतकुंज, सफदरजंग एन्क्लेव, सेक्टर-17 रोहिणी, मंगोलपुरी, एफ-ब्लॉक मंगोलपुरी, वेस्ट पटेल नगर, मालवीय नगर और छतरपुर से पेड़ गिरने की कॉल मिली।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में बीते तीन दिनों के भीतर हुई बारिश के चलते सामान्य बारिश का कोटा भी पूरा हो गया है। पालम में जहां सामान्य तौर पर 101.68 एमएम बारिश होती है। वहीं अभी तक इस महीने 170.9 एमएम बारिश वहां हो चुकी है। यह सामान्य से 68 फीसदी ज्यादा है। सफदरजंग पर सामान्य बारिश 116.8 एमएम है जबकि वहां पर 145.9 एमएम बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 25 फीसदी ज्यादा है। इसके अलावा लोधी रोड पर सामान्य बारिश 116.8 एमएम होती है लेकिन इस सितंबर महीने में वहां 146.1 एमएम बारिश हो चुकी है जो 25 फीसदी ज्यादा है।

Back to top button