मध्य प्रदेश

सागर जिले में भाजपा की अंदरूनी कलह सामने आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज का एक्शन

शिवराज की सागर जिले के मंत्रियों को समझाइश- ऐसी सार्वजनिक बयानबाजी से बचें, जिससे जनता और कार्यकर्ताओं में गलत मैसेज जाए

सागर। भाजपा का गढ़ माने जाने वाले सागर जिले में भाजपा की अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। यहां से गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह और कांग्रेस ने भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिधिंया गुट के गोविंद सिंह राजपूत मंत्री के पद पर काबिज हैं। इसके अलावा पिछले तीन बार से विधायक शैलेंद्र जैन और प्रदीप लारिया भी मंत्री बनने के लिए ऐड़ी-चोटी का दम लगा रहे हैं। इसी बीच भाजपा नेताओं के बीच बढ़ी खींचतान से संगठन और सरकार परेशान हैं।

यही नहीं, इन वरिष्ठ नेताओं की गुटबाजी के मामले ने इतना तूल पकड़ा कि केंद्रीय हाईकमान को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसी मामले को लेकर आज सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत के साथ ही विधायक शैलेंद्र जैन और प्रदीप लारिया बुलाया और समझाइश दी। सीएम ने मंत्रियों से कहा- सार्वजनिक तौर पर कोई भी ऐसी बात न कहें, जिससे जनता और कार्यकर्ताओं में गलत मैसेज जाए। सोशल मीडिया पर भी विरोधाभाषी टिप्पणियां नहीं करें। साथ ही ये भी कहा कि कार्यकर्ताओं और करीबियों को भी यह समझाएं कि सार्वजनिक तौर पर बयानबाजी न करें।

मंत्रियों ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

बैठक के बाद मंत्री भूपेंद्र सिंह और गोविंद राजपूत ने चुप्पी साधे रखी। कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि विवाद की जानकारी मीडिया में आने के बाद मंत्री गोपाल भार्गव ने इन खबरों को निराधार बताया था। वहीं, विधायक प्रदीप लारिया ने कहा था कि हम क्षेत्र के विकास की चर्चा करने गए थे। इसे बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया गया है। विवाद जैसी बात नहीं है।

क्या था विवाद?

भूपेंद्र सिंह से नाराज गुट ने मुख्यमंत्री को कह दिया था कि यदि ऐसे ही हालात रहते हैं, तो हम सामूहिक इस्तीफा दे देंगे। भूपेंद्र सिंह हमारे विरोधियों को बढ़ावा दे रहे हैं।

सोशल मीडिया में शेयर पोस्ट पर मचा था बवाल

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सोशल मीडिया में विवादित पत्र शेयर करने पर सागर महापौर के पति सुशील तिवारी को बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य पद से हटा दिया गया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बेटे आकाश और भाजपा के जिला मंत्री देवेंद्र फुसकेले ने भी भूपेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र खुरई को लेकर भी सोशल मीडिया में पोस्ट शेयर की थी।

Back to top button