मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सीहोर गौरव दिवस समारोह में आज देंगे अनेक सौगातें

गौरव दिवस को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह, 41 करोड़ रुपए से अधिक के निर्माण एवं विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

भोपाल। सीहोर शहर का गौरव दिवस 29 नवंबर को मनाया जा रहा है। गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे और सीहोर शहर को अनेक निर्माण एवं विकास कार्यों की सौगात देंगे। सौगात स्वरूप मुख्यमंत्री श्री चौहान सीहोर नगर में 19 करोड़ 38 लाख रूपए के निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं 22 करोड़ 21 लाख रूपए के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी भी मौजूद रहेंगे।

सीहोर नगर के गौरव दिवस को लेकर नगरवासियों में भारी उत्साह है। दीपोत्सव की भाँति नागरिकों द्वारा अपने घरों को रोशनी तथा घर-आँगन को रंगोली से सजाया जा रहा है। नगर में प्रवेश करते ही उत्सव का वातावरण दिखता है। छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं तथा बुर्जुगों में उत्साह की लहर है। नगर के गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 25 नवंबर से 5 दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी, स्वच्छता संगोष्ठी, चित्रकला प्रतियोगिता, साइकिल रैली, मैराथन, रंगोली प्रतियोगिता, शहर के इतिहास एवं पर्यटन तथा विकास को बढ़ावा देने के लिए संगोष्ठी, नगर के इतिहास और पर्यटन से संबंधित निबंध प्रतियोगिता, खेल प्रतियोगिता, सामूहिक योग एवं सूर्य नमस्कार तथा सांगीतिक कार्यक्रमों में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सीएम इन कार्यों का करेंगे शिलान्यास

मुख्यमंत्री श्री चौहान 5 करोड़ रुपए की लागत से 100 सीटर कन्या छात्रावास (बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना) का शिलान्यास, 03 करोड़ 46 लाख रूपए की लागत से सीहोर शहर में ब्रह्मपुरी तिराहे से श्मशान घाट इंदिरा नगर से फोरलेन बाईपास तक सीसी मार्ग का निर्माण कार्य, 6 करोड़ 89 लाख रूपए की लागत से कोलीपुरा तिराहे से झागरिया बायपास तक फोरलेन सीसी मार्ग का निर्माण, 33 लाख रूपए की लागत से बांसिया से बरनावद सड़क निर्माण, 60 लाख रूपए की लागत से अहमदपुर- बरखेड़ा हसन रोड से पंदा सड़क निर्माण, 35 लाख रूपए की लागत से बरखेड़ा दोराह से चौकी सड़क निर्माण, 66 लाख रूपए की लागत से खाईखेड़ा छतरी रोड से रामजाखेड़ा सड़क निर्माण, 60 लाख रूपए की लागत से चरनाल रोड से मोतीपुरा कलां सड़क निर्माण, 29 लाख रूपए की लागत से श्यामपुर रोड से मानपुरा, 51 लाख रूपए की लागत से सिराड़ी से रासलाखेड़ी सड़क निर्माण तथा 65 लाख रूपए की लागत से अहमदपुर रोड से विलेज गोंडी सड़क निर्माण कार्य का भूमि-पूजन करेंगे।

इन कार्यों का करेंगे लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री चौहान एक करोड़ 12 लाख रूपए की लागत से बने मोतीपुरा बैराज का लोकार्पण करेंगे। इसी प्रकार एक करोड़ 29 लाख रूपए की लागत से बने छतरी बैराज का लोकार्पण, 3 करोड़ 86 लाख रूपए की लागत से बरखेड़ाहसन (टी-05) से लोधीपुरा उमरझिर, एक करोड़ 90 लाख रूपए की लागत से बनी मुंगावली से बड़बेली सड़क, एक करोड़ 18 लाख रूपए की लागत से टी-06 एनएच 12 बराड़ी से सेमरादांगी मार्ग के चैनेज 2515 मीटर पर पुल, दो करोड़ 8 लाख रूपए की लागत से टी-06 एनएच 12 बराड़ी से सेमरादांगी मार्ग के चैनेज 5380 मीटर पर पुल, एक करोड़ 25 लाख रूपए की लागत से टी-06 एनएच 12 बराड़ी से सेमरादांगी मार्ग के चैनेज 7 हजार मीटर पर पुल, 8 करोड़ 44 लाख रूपए की लागत से बने 370 शासकीय शाला, 180 आँगनबाड़ी केन्द्र, 8 उप स्वास्थ्य केन्द्र, 3 आश्रम एवं छात्रावास और 74 ग्रामीण पंचायत भवन सहित कुल-635 संस्थाओं में पेयजल व्यवस्था का कार्य तथा एक करोड़ 5 लाख रूपए की लागत से बने जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र (डीईआईसी) भवन का लोकार्पण करेंगे।

Back to top button