मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नव वर्ष के पहले दिन शिर्डी में किए दर्शन

प्रदेश की जनता सहित सभी की खुशहाली, आनंद, सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नव वर्ष के पहले दिन महाराष्ट्र के शिर्डी स्थित श्रद्धा स्थल साईं बाबा मंदिर में सपरिवार दर्शन लाभ प्राप्त किये। श्री चौहान ने साईं बाबा से मध्यप्रदेश की जनता सहित सभी की खुशहाली, आनंद, सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। शिर्डी प्रवास के दौरान सोशल मीडिया पर प्रदेशवासियों के लिए जारी संदेश में कहा है कि हम सब मिलकर आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश बनाएंगे।
सीएम शिवराज सिंह ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने शिर्डी प्रवास के दौरान सोशल मीडिया पर प्रदेशवासियों के लिए जारी संदेश में कहा कि यही कामना है कि नव वर्ष आप सबके जीवन में रिद्धि-सिद्धी लाये, आपके घर-आंगन खुशियों से भर जाएं। आप केवल अपने लिए ही नहीं, अपने प्रदेश, देश और समाज के लिए भी हैं। अपने प्रचंड कर्मयोगी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। वे अपने संकल्प की सिद्धी में दिन-रात जुटे हैं। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए हमें भी आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाना है। इसके लिए मैं दिन और रात अपनी संपूर्ण क्षमता झोंककर काम करूंगा। लेकिन, मैं नहीं हम मिल कर आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश बनाएंगे। मेरी आपसे अपील है, जो भी काम आप कर रहे हैं वो केवल अपने लिए नहीं अपने प्रदेश के लिए भी करें। पूरी मेहनत, ईमानदारी और कर्त्तव्यनिष्ठा से ही आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश बनेगा। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए अपने को झोंक दें और पूरी क्षमता से काम करें। इससे हमारा देश, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों के अनुरूप बन सके।
मुख्यमंत्री ने शिर्डी में रोपा आम का पौधा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सहपरिवार शिर्डी में दर्शन किये और आम का पौधा रोपा। मुख्यमंत्री ने नव वर्ष पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी और सभी से पौध-रोपण की अपील की।

Back to top button