मध्य प्रदेश

कमलनाथ के गढ़ में रात गुजारेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में भाजपा की सेंध लगाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां पर एक रात गुजारने वाले हैं। मुख्यमंत्री किस तारीख को पहुंचेंगे यह जल्द ही तय हो जाएगा, लेकिन वे किस विधानसभा के आएंगे, यह तय हो चुका है। मुख्यमंत्री भाजपा के गांव चलो अभियन के तहत यहां पर रात बिताएंगे। छिंदवाड़ा लोकसभा सीट भाजपा लगातार हारती आ रही है। इस बार इस सीट पर भाजपा का सबसे ज्यादा फोकस है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस अभियान में सक्रियता के साथ दिखाई देंगे, वे रायसेन जिले में एक रात गुजारेंगे।  

ये भी जाएंगे गांव
इस अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेता, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों से लेकर सामान्य कार्यकर्ता भी प्रवास करेंगे। जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छिंदवाड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रायसेन के अलावा  उप मुख्यमंत्री  राजेंद्र शुक्ल रीवा, पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया मंदसौर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इंदौर ग्रामीण, वीरेंद्र खटीक सागर,  फग्गन सिंह कुलस्ते उमरिया, पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे शहडोल, पार्टी के अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  लालसिंह आर्य दतिया, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ग्वालियर नगर, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार जिले के तिल्लोर,  राकेश सिंह नर्मदापुरम और  प्रहलाद सिंह पटेल बालाघाट में गांव चलो अभियान के तहत रात्रि विश्राम करेंगे।

अमरवाड़ा जाएंगे सीएम डॉ. मोहन यादव
इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का किस तारीख को जाएंगे यह तय होना है। वे अमरवाड़ा विधानसभा के हर्रई के अहरवाड़ा गांव में रात गुजारेंगे। इसी तरह शिवराज सिंह चौहान रायसेन जिले के किस गांव में राम बीताएंगे यह तय किया जाना है। एक गांव में 24 घंटे बीताने के दौरान नेता ग्रामीण जनों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। पार्टी के प्रचार के लिए दीवार लेखन करेंगे। मंदिरों में साफ-सफाई करेंगे। पार्टी के कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे।

…उधर कमलनाथ ने किया राज्यसभा का दावा 13 को विधायकों को देंगे डिनर पार्टी
 पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कमलनाथ को राज्यसभा में भेजे जाने की अटकलें तेज हो गई है। दरअसल उन्होंने मंगलवार यानि 13फरवरी को कांग्रेस के सभी विधायकों को डिनर पर आमंत्रित किया है। उनके इस डिनर पार्टी को राज्यसभा के चुनाव से जोड़कर देखा रहा है।

प्रदेश में जीतू पटवारी, अरुण यादव, कमलेश्वर पटेल, मीनाक्षी नटराजन सहित कई नेता राज्यसभा के दावेदार माने जा रहे हैं।  सूत्रों की मानी जाए तो कमलनाथ ने पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से शनिवार की सुबह मुलाकात की। इस मुलाकात में उनके साथ छिंदवाड़ा के सांसद एवं उनके बेटे नकुलनाथ भी थे। ऐसा माना जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने नकुल नाथ को फिर से छिंदवाड़ा से लोकसभा का टिकट दिए जाने की मांग की है। साथ ही खुद भी राज्यसभा में जाने की इच्छा सोनिया गांधी के सामने जताई है।

यह दिग्गज नेता मौजूद
बताया जा रहा है कि नाथ की इस डिनर पार्टी में प्रदेश कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता भी शामिल होंगे। जिसमें दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी, अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया इसमें शामिल हो सकते हैं।

Back to top button