मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव “पीर पराई जाणे रे” भक्ति संध्या में शामिल हुए

  • महात्मा गांधी की राम राज्य की परिकल्पना सुशासन का प्रतीक है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव "पीर पराई जाणे रे" भक्ति संध्या में शामिल हुए
  • रविन्द्र भवन परिसर में आयोजित पांच दिवसीय लोकरंग कार्यक्रम का समापन

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने राम राज्य की परिकल्पना की थी। गांधी जी की यह परिकल्पना आज सुशासन का प्रतीक है। गांधी जी ने सत्य, अहिंसा के मार्ग पर चलकर जीवन में सफलता हासिल की। उन्होंने अंग्रेजों से देश को आजाद कराने में अहम भूमिका निभाई थी। महात्मा गांधी जी की कार्यशैली और उनके प्रयोग अद्भुत थे। ऐसे महापुरूष को उनकी पुण्यतिथि पर हृदय से सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविन्द्र भवन परिसर में लोकरंग कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित "पीर पराई जाणें रे" भक्ति संध्या को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन शिव शेखर शुक्ला सहित कला प्रेमी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महात्मा गांधी जी के जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने अपनी आत्मकथा में स्वयं से संबंधित विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व से भगवान श्रीकृष्ण का पांच हजार साल पुराना काल याद आ जाता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज लोकरंग के समापन अवसर पर महात्मा गांधी की पुण्यतिथि भक्ति संध्या के रूप में मनाई जा रही है। लोकरंग का पांच दिवस तक बहुत अच्छा आयोजन हुआ। इसके लिए मैं आयोजकों को हृदय से बधाई देता हूँ। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों की नितांत आवश्यकता है, जिसमें ज्यादा से ज्यादा लोग जुड़ सकें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में स्वाधीनता संग्राम के इतिहास पर केन्द्रित छह पुस्तकों का विमोचन किया। इनमें उज्जैन, खण्डवा- बुरहानपुर, खरगोन, भोपाल, छिंदवाड़ा एवं शहडोल-उमारिया- अनूपपुर के स्वाधीनता संग्राम पर केन्द्रित पुस्तकें शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मध्यप्रदेश में स्वाधीनता संग्राम का इतिहास की पुस्तक भेंट की गई।

संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि गांधी जी का विचार था कि दूसरे की पीर या दु:ख को समझने वाला ही इंसान कहलाने के योग्य है। उन्होंने राम राज्य की परिकल्पना कर सबके सुखी, निरोगी, मंगल और कल्याण की कामना की थी। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में रामराज्य की परिकल्पना के अंतर्गत सुशासन के लिए विभिन्न कार्य हो रहे हैं। भगवान राम ने आम जनता को देश भक्ति का पाठ पढ़ाया । देश समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करने का संकल्प लेने में ही गांधी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। प्रधानमंत्री मोदी राम राज्य की परिकल्पना से प्रेरित होकर सबका साथ-सबका विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।

प्रमुख सचिव संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकरंग कार्यक्रम के अंतर्गत आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश, आत्म निर्भर भारत और लोकल फॉर वोकल की थीम को साकार किया गया। आयोजन में अपार जन समूह एकत्रित हुआ। आयोजन की सफलता के लिए उन्होंने जनता का हृदय से आभार माना।

मुम्बई की कलाकार सुस्वाति मिश्रा और उनके दल द्वारा आकर्षक भक्ति भजनों की प्रस्तुति दी गई। उनके भजनों पर श्रोता मंत्र मुग्ध होकर तालियां बजाने लगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलाकारों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कार्यक्रम के शुभारंभ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

 

Back to top button