मध्य प्रदेश

सीएम के कार्यक्रम में जा रही बस पलटी, 3 की मौत, 21 घायल, 5 की हालत नाजुक

घायलों से मिलने राज्यपाल मंगूभाई पटेल और सीएम शिवराज सिंह अस्पताल पहुंचे

भोपाल/उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया में सीएम शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 घायल हो गए। घायलों को उमरिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 5 की हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर घायलों को जबलपुर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और सीएम शिवराज सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल चाल जाना। हादसा सीएम के कार्यक्रम स्थल से 5 किमी पहले हुआ।

जानकारी के अनुसार उमरिया जिले के ग्राम भरौला में आज बुधवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल मंगू भाई पटेल का लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत हितग्राही कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्षेत्र से सैकड़ों बसें भरौला गांव के लिए आ रही थीं। ऐसी ही एक सवारियों से भरी बस घंघरी स्थित नेशनल हाइवे ओवर ब्रिज के ऊपर हादसे का शिकार हो गई। दो पहिया वाहन को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। शुभम ट्रैवल्स शहडोल की यह बस पाली बीरसिंहपुर के भतौरा गांव से लोगों को लेकर कार्यक्रम स्थल जा रही थी।

हादसे के बाद हाइवे पर लग गया जाम

दुर्घटना के बाद रोड पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया गया। जाम के कारण मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही कई बसें प्रभावित हुई हैं। कमिश्नर राजीव शर्मा, कलेक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी, एडीजीपी डीसी सागर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था कराई। एक साथ इतनी अधिक संख्या में घायलों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जिला अस्पताल में मुख्यमंत्री से मिलकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा का कहना है कि हादसा आरटीओ की लापरवाही और कंडम बस की वजह से हुआ है।

मृतकों के परिवार को 10-10 लाख की मदद, एक सदस्य को नौकरी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उमरिया में लाड़ली सम्मेलन के मंच पर स्वागत नहीं कराया। उन्होंने बस हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक मदद तथा परिवार के एक सदस्य को पात्रता अनुसार सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया। वहीं, गंभीर घायलों को 50 हजार रुपए और मामूली घायलों को 10-10 हजार रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की।

हादसे में इनकी हुई मौत

दुर्घटना में मृतकों के नाम शिवस पिता दयाराम विश्वकर्मा निवासी ओबरा, घनश्याम पिता शिवप्रसाद विश्वकर्मा निवासी धौरई तथा नीलेश पिता जगत धारी सिंह निवासी बकेली बताए गए हैं।

घायलों की सूची

भगत  पिता जागेश्वर सिंह (34), बाबू पिता राजा राम सिंह (38), अर्चना पति देवीदीन सिंह (40), सिया बाई पति रामदीन सिंह (48), राम बाई पति चन्द्रबली (38), बिलसिया पति दादू राम सिंह (55), नीलेश पिता जगतधारी सिंह, अगसीया  पति मनोहर सिंह (55), गिरजा पति तीरथ सिंह (48) सभी निवासी ग्राम बलवई, कमलेश पिता सोभे सिंह (28), देवराज पिता दादू राम सिंह (35), गीता पति मोहन सिंह (40), भागवती पति देवकार सिंह (38), ममता बाई पति अर्जुन सिंह (32), अनारकली पति खिलाइया सिंह (42), मालती पति दीनदयाल सिंह (38), शाहवती पति भान सिंह (28), कलावती पति कमलभान (30), फुलमसिहा पति पन्नेलाल सिंह (45), पूनम सिंह पति बुद्धू (30), गुलबीया पति जवाही सिंह (40) सभी निवासी ग्राम भौतरा, बलबीर पिता परदेसिया (48) निवासी टिकुरी, बलराम पिता सरजू बैगा (60)  निवासी धुपखरा)।

कमलनाथ ने सीएम से पूछा सवाल

हादसे के बाद पूर्व सीएम कमलनाथ ने शोक व्यक्त किया और सीएम शिवराज से सवाल किया। कमलनाथ ने अपने ट्वीट में लिखा कि उमरिया जिले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से लोगों की दुखद मृत्यु होने का समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। मैं मुख्यमंत्री जी से जानना चाहता हूं कि उनके कार्यक्रमों में लगातार बस दुर्घटनाएं क्यों हो रही हैं और मध्यप्रदेश के नागरिक क्यों मारे जा रहे हैं? इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कोई उपाय क्यों नहीं किया जा रहा है? सरकारी खर्च पर अपने तमाशे के लिए जनता का दुरुपयोग करना और उनकी जान ख़तरे में डालना जघन्य अपराध ही नहीं पाप भी है। मैंने पूर्व में भी कहा था और फिर कह रहा हूं कि सत्ता के मद में नर नारायण का अपमान ना करें।

Back to top button