छत्तीसगढ़

रायगढ़ के स्टील फैक्ट्री में हुआ ब्लास्ट, एक मजदूर की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित नवदुर्गा स्टील फैक्ट्री में गुरुवार को ब्लास्ट हो गया। इस दौरान चपेट में आने से वहां काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि 3 अन्य की हालत गंभीर है। सभी को जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ब्लास्ट इंडक्शन फर्नेस में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, सराईपाली स्थित नवदुर्गा फैक्ट्री में इंडक्शन फर्नेस के पास मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आकर चार मजदूर झुलस गए। इसके बाद सभी मजदूरों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें एक मजदूर नरेंद्र कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। बाकी तीनों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ है। इससे पहले भी नवदुर्गा स्टील प्लांट में हादसा हो चुका है। पूंजीपथरा थाना प्रभारी केके सिंह ने सुबह हुई घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच हो रही है। फिलहाल औद्योगिक क्षेत्र से जांच टीम प्लांट में पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया गया।

औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहायक संचालक राहुल पटेल ने बताया कि यह घटना हुई है जिसमें फर्नेस में सुबह स्लैग जाम हो गया था, जिसके बाद अंदर में तापमान काफी ज्यादा बढ़ गया गया, जिसके बाद फर्नेस में ब्लास्ट हो गया। हॉट मेटल (गर्म लोहा) बाहर निकल गया जिसमें चार लोग जले है, जिसमें से एक की मौत हो गई है। यह घटना कॉस्ट आयरन के प्लांट में हुआ है। जहां हादसा हुआ वहां पर ऊपरी फ्लोर में पांच लोग काम कर रहे थे, एक मजदूर नीचे फ्लोर में था।

घायल मजदूर जांजगीर और बिहार के रहने वाले है। भीम कुमार राम,उमेश कोड़ा, जसंवत कंवर निवासी जांजगीर को जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इसमें तीन मजदूरों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बिहार निवासी नरेन्द्र कुमार की मौत हो गई है। इस हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग ने वहां मौजूद मजदूरों के बयान दर्ज किए है।

Back to top button