मध्य प्रदेश

भाजपा बताए, 27 फीसदी आरक्षण ओबीसी़ को अब तक क्यों नहीं दिया : विभा पटेल

मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा, अडानी स्कैम में ऐसा क्या है, जो मोदी सरकार बचाव में खड़ी

भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं भोपाल की पूर्व महापौर विभा पटेल ने भाजपा पर ओबीसी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए पूछा है कि भाजपा सरकार ने अब तक प्रदेश में पिछड़ा वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण क्यों नहीं दिया? उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि पिछड़ों, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विकास के लिए कांग्रेस ने बहुत कुछ किया है। भाजपा के पास पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों को देने के लिए कुछ नहीं है और कितनी बेशर्मी से कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर ओबीसी विरोधी होने का इल्जाम लगा रही है।

उन्होंने स्मरण कराया कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में ओबीसी के व्यक्ति को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बनाया है। देश और प्रदेश में ओबीसी वर्ग के कांग्रेस में अनेकों नेता हैं, संसद और विधानसभा में भी ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधि हैं। विभा पटेल ने कहा कि अब जनता तो पूछेगी कि मप्र में शिवराज सिंह चौहान सरकार ने 27 प्रतिशत आरक्षण को क्यों अटका रखा है। विधानसभा में सीधा जवाब क्यों नहीं दिया? उन्होंने कहा कि ये कितना आश्चर्यजनक है कि अडानी स्कैम और नीरव मोदी, ललित मोदी जैसे भगोड़ों को बचाने पर सवाल पूछने को ओबीसी विरोधी होना बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि अब तो देश जानना चाहता है कि अडानी स्कैम में ऐसा क्या है, जो उन पर बात करते ही पूरी मोदी सरकार बचाव में खड़ी हो जाती है। पटेल ने कहा कि राहुल गांधी ने कभी भी ओबीसी का अपमान नहीं किया। ये भाजपा का सुनियोजित षडयंत्र और दुष्प्रचार का हिस्सा है। दरअसल भाजपा अडानी स्कैम, महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल प्रलाप कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश कई दिनों से विभिन्न रूपों में चल रही है। लेकिन जागरुक नागरिक इसे स्वीकार नहीं करेंगे न ही भाजपा के किसी दुष्प्रचार के झांसे में आएंगे। महिला कांग्रेस लोकतंत्र के सम्मान की रक्षा में निरंतर जन जागरुकता अभियान चलाएगी और ओबीसी समाज को भाजपा से सावधान रहने का आग्रह करेगी।

Back to top button