छत्तीसगढ़रायपुर

खैरागढ़ उपचुनाव के लिए शिवराज चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत 40 स्टार प्रचारकों की सूची भाजपा ने की जारी ….

रायपुर। प्रदेश के राजनांदगांव जिला अंतर्गत खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) ने अपने स्टार प्रचारकों के नामों की घोषणा की है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय से जारी स्टार प्रचारकों में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, संगठन मंत्री शिव प्रकाश सहित कुल 40 नाम हैं।

भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में तीन केंद्रीय मंत्रियों के साथ छत्तीसगढ़ के वर्तमान और पूर्व विधायकों को शामिल किया गया है। भाजपा ने राज्यसभा व लोकसभा के सांसदों को भी स्टार प्रचारकों की सूची में रखा है। दिल्ली के ‌बीजेपी कार्यालय से शुक्रवार को यह सूची जारी की गई है।

स्टार प्रचारकों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, सह प्रभारी नितिन नवीन, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा, सौरभ सिंह, विधायक ननकीराम कंवर, दुर्ग सांसद विजय बघेल, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, राजेश मूणत, केदार कश्यप, अमर अग्रवाल, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित कुल 40 लोगों के नाम शामिल हैं।

खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए 24 मार्च को नामांकन की आखिरी तिथि थी। कुल 12 लोगों ने पर्चा दाखिल किया है। तय कार्यक्रम के अनुसार स्कूटनी के बाद 28 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उप चुनाव के लिए 12 अप्रैल को मतदान होगा और 16 अप्रैल को मतगणना होगी। राजनांदगांव जिले की यह सीट खैरागढ़ सियासत के राजा और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद खाली हुई है।

भाजपा ने यहां से पूर्व विधायक कोमल जंघेल को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य यशोदा वर्मा को टिकट दिया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के बहनोई नरेंद्र सोनी को मैदान में उतारा है। सभी पार्टियों के नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

Back to top button