नई दिल्ली

बीजेपी सांसद अल्फोंस ने कहा- अंबानी-अडानी की होनी चाहिए पूजा, क्योंकि वे लोगों को नौकरियां दे रहे ….

नई दिल्ली। बेरोजगारी पर तीखी बहस और विपक्षी दलों व सरकार के बीच जुबानी जंग के बीच भाजपा के एक सांसद ने अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों की भगवानों की तरह ‘पूजा’ करने की बात कही है। केजे अल्फोंस ने राज्यसभा में कहा कि अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों की ‘पूजा’ की जानी चाहिए, क्योंकि वे रोजगार पैदा कर रहे हैं। दूसरी ओर, विपक्ष ने सरकार पर “बेकार” और “बेरोजगार” विकास के बारे में बात करने का आरोप लगाया और तर्क दिया कि सरकार की नीतियां आय असमानताओं को बढ़ा रही हैं।

केंद्रीय बजट पर बहस में भाग लेते हुए उन्होंने कहा, “आप मुझ पर पूंजीपतियों का मुखपत्र होने का आरोप लगा सकते हैं। जिन लोगों ने इस देश में नौकरियां पैदा की हैं, मैं उन लोगों का नाम लेता हूं, क्योंकि आपने उन्हें नाम दिया है। रिलायंस हो, अंबानी हो, अडानी हो, कोई भी हो… उनकी पूजा होनी चाहिए। हां, क्योंकि वे रोजगार मुहैया कराते है। पैसा लगाने वाले लोग अंबानी, अडानी… इस देश में पैसा बनाने वाला हर उद्योगपति रोजगार पैदा करता है। उन्होंने नौकरियां पैदा की हैं। उनका सम्मान करने की जरूरत है।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री अल्फोंस ने तर्क दिया कि “वैश्विक असमानताएं एक तथ्य हैं”। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने तर्क दिया है कि दो लोगों की संपत्ति बढ़ी है। उन्होंने कहा, “एलन मस्क की संपत्ति 1016 प्रतिशत बढ़ गई है। क्या आप यह जानते हैं? गूगल के संस्थापक लैरी पेज की संपत्ति में 126 फीसदी का इजाफा हुआ है। बेजोस की संपत्ति में 67 फीसदी का इजाफा हुआ है। इन सभी टॉप 10 में सबसे नीचे बिल गेट्स हैं। उनकी संपत्ति में 30 फीसदी का इजाफा हुआ है। वैश्विक असमानता एक सच्चाई है, चाहे आप इसे स्वीकार करें या न करें। दुनिया में तीन अरब लोग एक दिन में पांच डॉलर से नीचे जीवन यापन करते हैं। इसलिए, वैश्विक असमानताएं एक तथ्य हैं।”

वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से पेश किए गए बजट की राजद के मनोज कुमार झा ने आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसे “अमृत काल का बजट” बताया है। उन्होंने कहा, ‘जब मैं पिछले कुछ वर्षों में इस सरकार के कामकाज की शैली को देखता हूं तो यह साफ हो जाता है कि किसे अमृत मिल रहा है और किसे जहर मिल रहा है। दोस्तों के लिए अमृत है। इसकी पर्याप्त आपूर्ति होती है… और अधिकांश लोगों को केवल जहर मिल रहा है।”

Back to top button