छत्तीसगढ़रायपुर

यूपी पहुंचे भूपेश बघेल, प्रियंका और चन्नी के साथ किसान रैली में शामिल होने जाएंगे बनारस…

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक बार फिर उत्तर प्रदेश पहुंच गए है। वे वहां से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ बनारस में आयोजित हो रहे किसान रैली में शामिल होंगे। शनिवार की रात वे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए।  

 

 

रायपुर से दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, बनारस में प्रियंका गांधी की बड़ी रैली है। उसमें मुझे भी शामिल होना है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘भाजपा का नजरिया ही किसान विरोधी है। वे लोग किसानों को कुछ समझते ही नहीं हैं। रौंद भी देते हैं तो उन्हें अफसोस नहीं होता। अभी तक केंद्र सरकार और भाजपा के नेताओं की ओर से एक भी बयान नहीं आया है’। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, ‘मुझे पार्टी ने उत्तर प्रदेश चुनाव में पर्यवेक्षक बनाया है। स्टार प्रचारक भी बनाया है। पार्टी पहले भी जिम्मेदारी देती रही है। अब भी जिम्मेदारी दे रही है’।

 

 

कांग्रेस की यह रैली बनारस के रोहनिया स्थित जगतपुर डिग्री कॉलेज में होनी है। लखीमपुर खीरी में किसानों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की घटना के बाद उत्तर प्रदेश में किसी भी राजनीतिक दल की यह सबसे बड़ी रैली बताई जा रही है। कांग्रेस के लिए इसे UP चुनाव के प्रचार अभियान के श्रीगणेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। पूरी पार्टी ने इसमें ताकत झोंक रखी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा समेत कई बड़े नेताओं ने शनिवार को ही बनारस में डेरा डाल दिया। किसान न्याय रैली और पार्टी बैठक के बाद मुख्यमंत्री देर शाम तक रायपुर लौट आएंगे।

 

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था भूपेश बघेल को अपने प्रदेश में हो रही घटनाओं की चिंता नहीं है। मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा, योगी आदित्यनाथ बौखला गए हैं। एक योगी के राज में महंत आत्महत्या कर रहा है। योगी के अपने क्षेत्र में ही एक व्यवसायी की हत्या हो जाए। पत्रकारों की हत्या हो जाती है। उसके बारे में वे कुछ नहीं बोलते।

 

 

किसान न्याय रैली की जनसभा में रोहनिया जाने से पहले प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। वहां भगवान शिव की पूजा अर्चना के बाद उनके दुर्गा कुंड जाकर माता जगदंबा का आशीर्वाद लेने की भी योजना है।

 

 

वाराणसी की सभा के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विशेष विमान से ही लखनऊ जाएंगे। वहां कौल हाउस में उत्तर प्रदेश कांग्रेस की रणनीतिक बैठक होनी है। कौल हाउस लखनऊ में प्रियंका गांधी का निवास है। यह मूल रूप से दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मामी शीला कौल का बंगला है। अब यह प्रियंका गांधी के आधिकारिक निवास के तौर पर इस्तेमाल हो रहा है।

 

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछले सप्ताह दो बार उत्तर प्रदेश जा चुके हैं। उन्होंने सोमवार को लखीमपुर जाने की कोशिश की थी। UP सरकार ने उनका विमान उतारने की इजाजत नहीं दी। मंगलवार को वे दिल्ली होकर लखनऊ पहुंचे, लेकिन उन्हें हवाई अड्‌डे पर रोक लिया गया। तीन घंटे धरना देने के बाद CM बघेल दिल्ली लौट गए। बुधवार को राहुल गांधी और चरणजीत सिंह चन्नी के साथ वे फिर लखनऊ पहुंचे। सरकार झुकी और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति मिल गई।

Back to top button