मध्य प्रदेश

शिवपुरी एसपी के घर अचानक पहुंचे बागेश्वर सरकार, बंगले पर उमड़ी भीड़

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री शिवपुरी में शनिवार सुबह अचानक एसपी के बंगले पर पहुंच गए

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री शनिवार सुबह अचानक शिवपुरी में एसपी के बंगले पर पहुंच गए। इस बात की जैसे लोगों को खबर मिली, वे एसपी बंगले के पास एकत्रित हो गए। इन लोगों को संभालने के लिए पुलिस को हल्की मशक्कत भी करनी पड़ी। हालांकि, कुछ समय एसपी के बंगले पर बिताने के बाद धीरेंद्र शास्त्री कार से छतरपुर के लिए रवाना हो गए।

गुजरात से छतरपुर लौट रहे थे धीरेंद्र शास्त्री

बताया जाता है पं. धीरेंद्र शास्त्री पिछले कुछ दिनों से गुजरात प्रवास पर थे। वे गुजरात से वापस छतरपुर लौटते समय शनिवार सुबह शिवपुरी से गुजरे। इस दौरान वे अचानक ही शिवपुरी एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया के बंगले पर पहुंच गए। कुछ समय उन्होंने बंगले पर बिताया और इसके बाद वे छतरपुर के लिए रवाना हो गए। अचानक धीरेंद्र शास्त्री के आने से एसपी भी आश्चर्यचकित रह गए। दरअसल, अशोक नगर में एसपी रहने के दौरान रघुवंश सिंह वहां हुई कथा के दौरान पं. धीरेंद्र शास्त्री के संपर्क में आए थे, तभी से धीरेंद्र शास्त्री उन्हें जानते हैं। ऐसे में गुजरात से लौटते समय वे उनके घर पर पहुंच गए।

भक्तों की भीड़ देख उनसे मिलने के लिए खुद को रोक नहीं सके बागेश्वर सरकार

बागेश्वर सरकार पं. धीरेंद्र शास्त्री के एसपी बंगले पर पहुंचने की खबर मिलते ही शिवपुरी के सैकड़ों लोग एसपी बंगले पर एकत्रित हो गए। जैसे धीरेंद्र शास्त्री बंगले से निकले तो कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था तो कोई प्रणाम करना चाहता था। अपने भक्तों की इतनी भीड़ देखकर धीरेंद्र शास्त्री भी अपने आपको रोक नहीं पाए। वे अपनी कार से उतरे और भक्तों से मिले भी। लेकिन, इस दौरान पुलिस को लोगों की भीड़ को संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Back to top button