नई दिल्ली

अरविंद केजरीवाल ने किया नए मिशन का ऐलान, बताया क्या है प्लान …

नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आजादी को 75 साल हो गए, इस दौरान हमने बहुत कुछ पाया, बहुत हासिल किया। लेकिन लोगों में एक गुस्सा है, प्रश्न है कि इन 75 सालों के अंदर कई ऐसे देश हैं जो हमारे बाद आजाद हुए और हमसे आगे निकल गए। सिंगापुर हमसे 15 साल बाद आजाद हुआ, आज हमसे आगे निकल गया। क्यों भाई हमारे अंदर क्या कमी है। हर नागरिक गुस्से में हैं, हम किसी से कम हैं क्या। भारत के लोग दुनिया के सबसे इंटेलिजेंट और मेहनती हैं, दुनिया में बेस्ट हैं। फिर भी हम पीछे रह गए। अगर इनके (कांग्रेस-बीजेपी) भरोसे छोड़ दिया तो अगले 75 साल और पीछे रह जाएंगे। इनमें से किसी को अपना परिवार प्यारा है किसी को दोस्त प्यारा है। किसी को भ्रष्टाचार करना है किसी को देश लूटना है। उन्होंने अपना घर भरने और दोस्तों का घर भरने के अलावा कुछ नहीं किया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को ‘मेक इंडिया नंबर वन’ मिशन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक भारत को दुनिया में नंबर वन बनाना चाहता है और इस सपने को सचन करने के लिए इस मिशन की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने देश के 130 करोड़ लोगों को जोड़ने की बात कहते हुए कहा कि अच्छी और मुफ्त शिक्षा, मुफ्त इलाज, हर युवा को नौकरी, महिलाओं को सम्मान और किसानों की खुशहाली के लिए काम करना होगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”यह सपने के पूरा होने की शुरुआत। हर भारतीय चाहता है कि भारत दुनिया का नंबर एक देश बने। भारत की गिनती दुनिया के अमीर देश में हो। भारत शक्तिशाली राष्ट्र बने। भारत एक महान देश है। हमारी सभ्यता बहुत पुरानी है, कई हजार साल पुरानी है। एक समय ऐसा था जब भारत का डंका पूरी दुनिया में बजता था। हमें दोबारा भारत को महान बनाना है। हम मिशन की शुरुआत करने जा रहे हैं, मेक इंडिया नंबर वन। 130 करोड़ लोगों को इसके साथ जोड़ना है। देश के हर नागरिक का मिशन रहा है कि दुनिया में भारत को नंबर वन बनाना है।”

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”कई लोग मुझसे पूछते हैं कि कैन इंडिया लीड द वर्ल्ड, वाई नॉट। क्यों नहीं भारत लीड नहीं कर सकता है। किस चीज की कमी है। लेकिन एक ही शर्त है देश के 130 करोड़ लोगों को साथ आना होगा। देश के 130 करोड़ लोगों को साथ आना होगा। आदमी, औरत, अमीर, गरीब, धर्म, जाति सभी को एक साथ आना होगा और बागडोर संभालनी होगी। 75 साल पहले जब सारा देश इकट्ठा हुआ था हमने अंग्रेजों को भगा दिया था। आज यदि 130 करोड़ लोग इकट्ठे हो गए तो भारत को नंबर एक देश बनाने से कोई नहीं रोक सकता। एक शर्त है 130 करोड़ लोगों का हमारा परिवार है, यह एक टीम है। हम सभी को एक परिवार की तरह सोचना है।”

केजरीवाल ने कहा कि इसके लिए सबसे पहले देश के हर बच्चे के लिए अच्छी शिक्षा का इंतजाम करना होगा। कोई डॉक्टर बनेगा कोई इंजीनियर बनेगा। एक-बच्चा एक एक परिवार को अमीर बना देगा। दूसरा काम करना होगा कि देश के एक-एक नागरिक के लिए अच्छे से अच्छे इलाज का इंतजाम करना होगा। फ्री में इलाज का इंतजाम करना पड़ेगा। तीसरी चीज, आज युवा बेरोजगार घूम रहे हैं, इनको रोजगार दिया जा सकता है। यदि सही नीयत और सिस्टम हो तो रोजगार दिया जा सकता है। एक-एक युवा को रोजगार देना है। चौथी चीज, हमारे देश की हर महिला को सम्मान मिलना चाहिए। हमारे देश की हर महिला को बराबरी का अधिकार मिलनी चाहिए, सुरक्षा मिलनी चाहिए। पांचवीं चीज, आज किसान का बेटा किसान क्यों नहीं बनना चाहता। हमें ऐसी व्यवस्था करनी होगी कि किसान खुशहाल बने। किसानों को फसल का पूरा दाम देना है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”मैं देश के 130 करोड़ लोगों से अपील करता हूं कि इस राष्ट्र मिशन के साथ जुड़ें। जिस दिन 130 करोड़ लोग जुड़ गए, भारत को दुनिया में नंबर वन बनने से कोई नहीं रोक सकता है। हमारा किसी पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। यह मिशन राष्ट्र मिशन है। यह किसी पार्टी का मिशन नहीं है। इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि सारे बीजेपी और कांग्रेस वाले साथ आओ। देश में जितने देशभक्त हैं, जो चाहते हैं कि देश नंबर वन बने, सभी राष्ट्रमिशन के साथ जुड़े। हमें लड़ाई झगड़े नहीं करने हैं। इसमें 75 साल खत्म कर दिए। कांग्रेस वाले बीजेपी से लड़ रहे हैं, बीजेपी वाले आम आदमी पार्टी से लड़ रहे हैं, हिंदू मुसलमान से लड़ रहा है, मुसलमान ईसाई से लड़ रहा है, पंडित उससे लड़ रहा है, वह उससे लड़ रहा है, सारी लड़ाई खत्म, हम सबको परिवार की तरह रहना है। नफरत खत्म, प्यार और मुहब्बत करेंगे, एक साथ मिलकर रहेंगे, मुट्ठी बनकर रहेंगे तभी भारत नंबर एक देश बन सकता है।”

Back to top button