मध्य प्रदेश

सरकार की योजनाओं को 18690 बस्तियों में घर-घर पहुंचाएगा अजा मोर्चा

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-20 से 30 जून तक मोर्चा चलाएगा विशेष अभियान

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने अजा वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। केंद्र व राज्य सरकार की इन योजनाओं से अजा वर्ग को काफी सहारा मिला है। भाजपा अजा मोर्चा केंद्र व राज्य सरकारों की इन योजनाओं को प्रदेश की 18690 बस्तियों में घर-घर तक पहुंचाएगा। इसके लिए मोर्चा द्वारा आगामी 20 से 30 जून तक पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह बात भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कही।
अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने बताया कि मोर्चा द्वारा 20 से 30 जून तक चलाए जाने वाले बस्ती संपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को सभी बस्तियों में पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बस्ती संपर्क अभियान को मोर्चा मंडल स्तर तक चलाएगा। इससे पहले संभाग स्तर पर लाभार्थी सम्मेलन होगा। इसके साथ ही युवा सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। डॉ. जाटव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग के लिए जो काम किया है, वह निचले स्तर तक पहुंचे और उन लोगों को इसका लाभ प्राप्त हो, जिनके लिए यह योजना बनाई गई है। इसके लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने इन योजनाओं के माध्यम से उन लोगों को लाभ दिलाने का काम किया है, जिन्हें आजादी के बाद से आज तक कुछ नहीं मिला। यह योजनाएं उन परिवारों के लिए हैं, जिन्हें 70 वर्षों तक बिजली, पानी एवं स्वास्थ्य के लिए सुविधाएं नहीं मिली। लाडली लक्ष्मी, लाड़ली बहना और संबल जैसी योजना का लाभ भी नहीं मिला। इन्हीं सब बातों को लेकर आगामी दिनों में मोर्चा के कार्यकर्ता बस्तियों में जाएंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा एवं अजा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी सूरज खरे उपस्थित थे।

Back to top button