मध्य प्रदेश

पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से लौट रही महिलाओं से भरी बस पुलिया से टकराई…

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के कराहल में पीएम नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित स्व सहायता समूह के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रही समूह की महिलाओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। इसमें महिलाओं सहित 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों को शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 4 की हालत गंभीर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ये महिलाएं श्योपुर जिले के कराहल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में होने वाले स्व सहायता समूह के कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। शिवपुरी जिले के ग्राम खोरगार और खरईवाद से स्व सहायता समूह की 25 महिलाएं और कुछ पुरुष बस में सवार होकर करहाल गए थे। जाम के हालात बनने के कारण बस कार्यक्रम के समय पर नहीं पहुंच पाई। ऐसे में रास्ते से ही बस को लौटाने का फैसला लिया गया। ड्राइवर बस को वापस खरईवाद ग्राम की ओर ला रहा था, तभी खोरगार की पुलिया पर ट्रैक्टर और बाइक को बचाने में बस अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गई। टक्कर से बस में सवार 20 महिला व पुरुषों को चोट लग गई। इनमें से चार को ज्यादा चोट आई। उन्हें शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बस में सवार कृपा बाई ने बताया कि वह भी बस में सवा होकर कराहल गई थीं। उन्होंने बताया कि उनके पहुंचने से पहले ही कार्यक्रम शुरू हो गया। जाम के कारण वे समय पर नहीं पहुंच सके और आधे रास्ते से ही वापस लौट रहे थे। ड्राइवर बस को बहुत तेज चला रहा था। कई बार मना करने पर भी नहीं माना। तेज गति के कारण पुलिया पर संतुलन खोने से यह हादसा हो गया।

हादसे में घायल हुए मोहर सिंह जाटव ने बताया कि लौटते वक्त ड्राइवर ने परिच्छा के पास शराब पी ली थी। वह बस को लापरवाही के साथ तेजी से चला रहा था। जब उसे बस में सवार लोगों ने टोका तो उसने बस दूसरे ड्राइवर को सौंप दी थी। दूसरा ड्राइवर भी मना करने के बावजूद बस को तेज चला रहा था। इसी के चलते खोरगार की पुलिया में टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार महिला-पुरुष घायल हो गए। मोहर सिंह के भी हाथ में चोट आई है।

 

Back to top button