
जहरीली गैस की चपेट में आने से कुएं में उतरे दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत, मचा हड़कंप…
लखनऊ। कुएं की जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों समेत तीन लोगो की जान चली गई।सोनभद्र जिले में बुधवार को कुएं में लगे पंप को निकालने के लिए उतरे दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई. मौत की वजह संभवत: जहरीली गैस बताया जा रही है.
घटना सुबह लगभग साढ़े छह बजे रायपुर क्षेत्र के बिजवार गांव की है. मृतकों की पहचान सूर्य प्रकाश (31), दीपक (35) और बलवंत (40) के रूप में हुई है. प्रकाश घर के पास कुएं में लगे पंप को निकालने के लिए उसमें उतरा था. तभी उसका दम घुटने लगा. उसे बचाने के लिए बड़ा भाई दीपक भी कुएं में उतर गया और उसका भी दम घुटने लगा. यह देखकर पड़ोसी बलवंत भी कुएं में उतर गया और बेसुध हो गया.
ग्रामीण तीनों को बाहर निकालकर वैनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. घटना से नाराज ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग करने लगे. सूचना के बाद सदर विधायक भूपेश चौबे, उप जिलाधिकारी निखिल यादव और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया.
















