मध्य प्रदेश

महाकौशल क्षेत्र में स्थापित हुआ पहला 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर, सिवनी जिले को रबी सीजन में मिलेगा फायदा

भोपाल। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने महाकौशल क्षेत्र में लगभग 13 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से पहला 200 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। सिवनी मध्यप्रदेश का ऐसा चौथा 220 के.व्ही. वोल्टेज लेवल का सबस्टेशन है, जहाँ ट्रांसमिशन कंपनी ने प्रचलित रेटिंग के स्थान पर विशेष डिजाइन से निर्मित करवाए गए ट्रांसफार्मर को स्थापित किया है। गत दिवस 220/132 के व्ही सबस्टेशन सिवनी में प्रदेश के चौथे 200 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया गया। इससे सिवनी जिले की ट्रांसमिशन केपेसिटी (पारेषण क्षमता) में उल्लेखनीय वृध्दि के साथ सिवनी के ट्रांसमिशन नेटवर्क की विश्वसनीयता में भी वृद्धि हुई है।

कम जगह में अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर

कंपनी के अधीक्षण अभियंता परीक्षण एवं संचार सिवनी पी.सी. निगम ने बताया कि सिवनी क्षेत्र में विश्वसनीय और सतत् विद्युत ट्रांसमिशन के लिए सबस्टेशन में क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता थी। इसे देखते हुए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने सिवनी में विशेष डिजाइन से तैयार 200 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत किया है। अधिक क्षमता के साथ ही यह ट्रांसफार्मर प्रचलित 160 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफॉर्मर के सेटअप में भी स्थापित हो जाता है।

सिवनी जिले की ट्रांसमिशन केपेसिटी में हुई वृद्धि

अधीक्षण अभियंता श्री निगम ने बताया कि इस क्षमता वृध्दि से सिवनी की स्थापित ट्रांसफार्मेशन क्षमता 320 एमवीए से बढ़कर 520 एमवीए की हो गई है। इस ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से लखनादौन,  धूमा, घन्सौर, आदेगाँव, छपारा, बरघाट आदि क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को उचित वोल्टेज की गुणवत्तापूर्ण सतत विद्युत आपूर्ति हो सकेगी।

Back to top button