मध्य प्रदेश

उज्जैन जिले के बोरेश्वर-दंगवाड़ा, गजनी खेड़ी और रुणीजा ग्राम को भी पर्यटन से जोड़ेंगे

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर उज्जैन में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए समुचित आवास व्यवस्था के लिए व्यवसाईयों से होटल, टेन्ट सीटी बनाने का आहवान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यवसाई आगे आकर उज्जैन आगामी सिंहस्थ की आवश्यकताओं को देखते हुए होटल बनाएं। पर्यटन विकास निगम इसके लिए 30 प्रतिशत तक अनुदान देगा। उन्होंने होमस्टे भी बढ़ाने के लिए निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि पंचकोशी मार्ग के 118 किमी लंबे रास्ते पर आने वाले सभी पड़ावों को पर्यटक ग्राम घोषित किया जाएगा और उनका विकास किया जाएगा। उन्होंने उज्जैन जिले के दंगवाड़ा, रुणीजा और गजनी खेड़ी जैसे अन्य ग्रामों को भी ग्रामीण पर्यटन से जोड़ने के कहां।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज उज्जैन के निजी होटल में उज्जैन और इंदौर के बड़े होटल व्यवसाईयों से वन-टू-वन परिचर्चा की तथा उन्हें उज्जैन में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने होटल व्यवसाईयों के प्रश्नों का समाधान करते हुए कहा कि अब उज्जैन में होटल व्यवसाय से जुड़ी हुई समस्त एनओसी प्राप्त करने के लिए एक स्पेशल सेल बनाया जाएगा। जिससे सिंगल विंडो जैसा सिस्टम तैयार करके सभी अनुमतियाँ एक ही स्थान पर दी जाएगी। सिंहस्थ निकट है और इस कार्य में किसी भी तरह का विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ के लिए अधोसंरचना विकास कार्य पूर्णता की ओर बढ़ रहा है। लेकिन अभी भी 30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के यहां ठहरने और अन्य प्रबंधन की व्यवस्था पर विचार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस भव्य आयोजन में समाज को भी आगे आकर सहयोग करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि होटल्स के कमरों की संख्या 2016 में जहाँ 570 थी, वहीं यह संख्या 2028 तक 16,500 हो जाएगी। इनकी संख्या भी बढ़ाने की आवश्यकता लग रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ में 30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी ने कहां की मुख्यमंत्री डॉ. यादव के विजन से ही उज्जैन में चहुँमुखी विकास हो रहा है। श्रद्धालुओं के स्नान के लिए लगभग 30 किलोमीटर के घाट निर्मित हो रहे हैं। सिलार खेड़ी योजना से शिप्रा के जल से सिंहस्थ में स्नान करने की योजना फलीभूत हुई है। उन्होंने कहा 2027 के बाद लोगों को एक नया उज्जैन दिखाई पड़ेगा। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद उमेश नाथ जी महाराज, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, महापौर श्री मुकेश टटवाल, मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री सौभाग्य सिंह ठाकुर, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल, श्री संजय अग्रवाल, श्री राजेश धाकड़, श्री रवि वर्मा, श्री अमित श्रीवास्तव, श्री विजय खंडेलवाल मौजूद थे।

 

Back to top button