
कोरबा (गेंदलाल शुक्ल) । जिले के दर्री थाना अंतर्गत सिंचाई कालोनी में आज सुबह एक नवविवाहिता ने खुद को कमरे में बंद कर आग लगा ली। बाद में उसकी चीख सुनकर घर के लोग हरकत में आए। दरवाजा तोडक़र उसे गंभीर स्थिति में बाहर निकाला गया। पुलिस को सूचना देकर पीड़िता को जिला अस्पताल भिजवाया गया। कुछ ही देर के बाद उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस ने घटनाक्रम की जांच करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय सुनीता यादव मूलत: जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली थी। फरवरी 2019 में उसका विवाह नरेश यादव से हुआ था। वह रोजी-मजदूरी के काम से जुड़ा है। उसका परिवार सिंचाई कालोनी दर्री में निवासरत है। परिवार में नरेश की माता और भाई-बहन शामिल हैं। विवाह के बाद ससुराल में सब कुछ ठीक चल रहा था। घर के अधिकांश काम सुनीता किया करती थी। आज सुबह उसकी सास ने बर्तन साफ किये। इसके बाद चाय बनाने के बारे में जानकारी ली। बहू ने यह काम करने की बात कही। कुछ देर बाद वह अपने कमरे में चली गई और खुद को भीतर से बंद कर लिया। इसके कुछ समय बाद वहां से चीख सुनाई दी।

परिवार के एक सदस्य ने सुनीता की सास को यह जानकारी दी जिस पर उसके पुत्र ने संबंधित कमरे की तरफ रूख किया और माजरा भांपकर लात मारकर दरवाजे को तोड़ा। परिजनों ने वहां का हाल देखा तो वे सक्ते में आ गए। आनन-फानन में आग में लिपटी सुनीता को बचाकर बाहर निकाला गया। स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
टीआई राकेश मिश्रा ने यहां पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एम्बुलेंस के जरिए सुनीता को जिला अस्पताल भिजवाने के साथ प्रशासन के अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया गया ताकि उसका कथन हो सके। कोरबा के जिला अस्पताल पहुंचने और वहां उपचार की प्रक्रिया शुरू किये जाने के साथ ही उसकी मौत हो गई। नव विवाहिता की मौत के बारे में उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

















