लखनऊ/उत्तरप्रदेश

पेयजल की समस्या को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

सोनभद्र

भीषण गर्मी में पेयजल की किल्लत से जूझ रहे सोनभद्र जिले के बिल्ली मारकुंडी के टोला खैरटिया के सैकड़ों ग्रामीण रविवार की सुबह उग्र हो गए और हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर आ गए। ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष शिवदत्त दुबे के नेतृत्व में प्रधानमंत्री हर घर नल योजना लागू करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।

शिवदत्त दुबे ने बताया कि आजादी के 77 वर्षों के बाद भी बिल्ली मारकुंडी ग्राम पंचायत का एक बड़ा हिस्सा खैरटिया गांव शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहा है। ग्राम सभा बिल्ली मारकुंडी के सबसे बड़े टोला खैरटिया, बाड़ी, बघमनवा एवं बिल्ली आंशिक जैसे टोला पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।

बताया कि खैरटिया की आबादी करीब 15 हजार है, लेकिन अब तक भूमिगत जल या टैंकर जल पर निर्भर हैं। रेणुका नदी के किनारे बसे होने के कारण खैरटिया में बोरिंग भी सफल नहीं है। यहां के भूमिगत जल में फ्लोराइड और आर्सेनिक की अधिक मात्रा के कारण भूमिगत जल अत्यंत खतरनाक है।

ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान में सरकार की तरफ से हर घर नल योजना के तहत 2024 तक हर ग्रामीण घर में नल से पानी की सुविधा मुहैया कराने का लक्ष्य है। मगर, इस योजना में खैरटिया सहित अन्य टोलों को नहीं जोड़ा गया। ग्रामीणों ने मांग किया कि तत्काल सर्वे कराकर चालू वर्ष में ग्राम पंचायत के खैरटिया सहित सभी टोला में हर घर नल योजना का लाभ दिया जाए। जल्द हर घर नल योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से महेश अग्रहरी, शिवनाथ जायसवाल, फूलचंद, धर्मजीत, मनीष, शेरू चेरो, संगीता भारती, संत कुमार, विकास भारती, उमेश शुक्ला, सतीश तिवारी, संतोष गुप्ता, मंगरु गुप्ता, किरण देवी, सत्यम जायसवाल, अखिलेश जायसवाल, इंद्रदेव जायसवाल, फूलचंद जायसवाल आदि रहे।

 

Back to top button