नई दिल्ली

हरियाणा की रहने वालीं 94 साल की दादी ने एयरपोर्ट पर किया जोरदार डांस, फिनलैंड में जीते गोल्ड समेत तीन पदक …

नई दिल्ली। फिनलैंड में आयोजित वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में तीन पदक जीतकर भारत लौटीं हरियाणा की भगवानी देवी दिल्ली एयरपोर्ट पर डांस करती नजर आईं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने उनका एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वे काफी खुश नजर आ रही हैं और डांस करती नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि दूसरे देश में पदक जीतकर अपने देश का नाम रोशन करके आई हूं।

हरियाणा की रहने वालीं भगवानी देवी 94 साल की उम्र में वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड और दो ब्रॉन्ज जीतकर भारत का डंका बजा दिया। भगवानी देवी पदक जीतकर भारत वापस आई हैं और दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें देखने के लिए उनके प्रशंसक भी पहुंचे थे। इस दौरान भगवानी देवी ने डांस कर अपने जीत का जश्न मनाया। उनके साथ उनके परिवार के लोग भी मौजूद रहे।

94 साल की भगवानी देवी डागर ने फिनलैंड के टेम्पेयर में हुए वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने चैंपियनशिप में गोल्ड और दो ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। उनकी जीत के साथ ही देशभर के लोग सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दे रहे हैं। उन्हें क्वीन ऑफ एथलेटिक्स भी कहा जा रहा है। खेल मंत्रालय ने भगवानी को उनकी शानदार जीत पर बधाई दी है। इसके अलावा अनुराग ठाकुर, हरदीप सिंह पुरी और पीयूष गोयल सहित कई अन्य नेताओं ने उनको बधाई दी है।

भगवानी देवी ने 100 मीटर स्प्रिंट इवेंट में सिर्फ 24.74 सेकेंड का समय लेकर गोल्ड मेडल जीता। इसके अलावा वे गोला फेंक यानी शॉटपुट में भी ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रहीं। यह पहला मौका नहीं है जब भगवानी देवी ने पदक अपने नाम किए हैं। उन्होंने चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। जिसके बाद उन्हें वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 के लिए क्वालीफाई कर लिया था।

बता दें कि वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 35 साल और उससे अधिक उम्र के एथलीटों के लिए आयोजित एक कार्यक्रम है। इसकी शुरुआत 1975 में की गई थी। इस बार यह 29 जून से 10 जुलाई तक फिनलैंड में आयोजित किया गया था। भगवानी की इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर देशभर के लोग बधाई दे रहे हैं। मंगलवार को वे भारत लौट आई हैं।

Back to top button