मध्य प्रदेश

24 घंटे में मिले कोरोना के 7 नए केस, 150 से ज्यादा गर्भवतियों ने कराई थी सोनोग्राफी…

भोपाल। प्रदेश में बुधवार को 24 घंटे के अंदर कोरोना के 7 नए केस आए है। वहीं भोपाल-इंदौर में 2 तथा  ग्वालियर, होशंगाबाद और जबलपुर में 1-1 पॉजिटिव मरीज मिले है।

पिछले पांच दिन में भोपाल में सबसे ज्यादा 16 पॉजिटिव मिले हैं। यहां जेपी अस्पताल के एक रेडियाोलॉजिस्ट डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद से जेपी अस्पताल प्रबंधन 11 नवंबर से 13 नवंबर के बीच सोनोग्राफी कराने आईं 150 से ज्यादा गर्भवती महिलाओं को कोरोना की जांच कराने के लिए कॉल कर कह रहा है।

डॉक्टर और उनकी पत्नी दोनों कोरोना पॉजिटिव आए। डॉक्टर तबीयत खराब होने के बावजूद 13 नवंबर तक अस्पताल आए। इसके बाद उन्होंने कोरोना की जांच कराई। 15 नंवबर को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टर और उनकी पत्नी को इलाज के लिए एम्स में भर्ती किया गया है। दोनों को वैक्सीन के दोनों डोज फरवरी में ही लग चुके थे। डॉक्टर की तबीयत ठीक है, लेकिन उनकी पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रदेश में पिछले 5 दिन में 8 जिलों में 37 कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें सबसे ज्यादा भोपाल में 16, इंदौर में 9, जबलपुर में 5, राजगढ़ में 3 और रायसेन, श्योपुर, होशंगाबाद व ग्वालियर में 1-1 पॉजिटिव मिला है। वहीं, 15 नवंबर को इंदौर में 1 मौत भी रिपोर्ट हुई है।

प्रदेश में अब तक 7 लाख 92 हजार 984 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 380 ठीक हो गए। कोरोना के कारण 10 हजार 525 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अभी प्रदेश में 79 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में रिकवरी रेट 98% से ज्यादा है।

जेपी अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि सोनोग्राफी करने वाली जगह को सील कर दिया गया है। अभी सोनोग्राफी करने के लिए अलग व्यवस्था की गई है।

Back to top button