मध्य प्रदेश

24 घंटे में मिले कोरोना के 23 नए केस, 10 दिन के अंदर हुए 134 संक्रमित…

भोपाल। राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोना के 23 नए केस आए हैं। नवंबर में यह आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इंदौर में सबसे अधिक 12 पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, राजधानी भोपाल में 7 केस, रायसेन में 3 और जबलपुर में 1 केस मिला है। पिछले 10 दिन में प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 134 पर पहुंच गया है, जबकि एक्टिव केस 112 है।

कोरोना के सभी प्रतिबंध खत्म होने के बाद नए संक्रमितों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। इंदौर और भोपाल दोबारा धीरे-धीरे हॉट-स्पॉट बन रहे हैं। यहां हर रोज मरीज सामने आ रहे हैं। जबलपुर-ग्वालियर जैसे बड़े शहरों के साथ रायसेन, शहडोल, बड़वानी, श्योपुर, होशंगाबाद, बैतूल आदि जिलों में भी संक्रमित मिल रहे हैं। इससे चिंता बढ़ गई हैं। डॉक्टर लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जैसी सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं।

मध्यप्रदेश में 23 नवंबर को 22 नए मामले सामने आए थे। इसके बाद 26 नवंबर को यह आंकड़ा 23 पर जा पहुंचा। हालांकि, 24 नवंबर को 14 और 25 नवंबर को 9 केस ही मिले थे। एक ही दिन में आंकड़ा 9 से 23 पर पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार- 17 नवंबर को 7, 18 नवंबर को 6, 19 नवंबर को 11, 20 नवंबर को 17, 21 नवंबर को 13, 22 नवंबर को 12, 23 नवंबर को 22, 24 नवंबर को 14, 25 नवंबर को 9 और 26 नवंबर को 23 केस मिले हैं।

7 दिन के आंकड़ों की बात करें तो इंदौर में 45 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। 20 नवंबर को 6 केस मिले थे। 21 को 4 केस मिले थे 1 मौत भी हुई थी। 22 नवंबर को 3, 23 नवंबर को 13, 24 नवंबर को 5, 25 नवंबर को 2, तो अब 26 नवंबर को 12 पॉजिटिव मिले हैं।

प्रदेश में कोरोना के केस बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग संक्रमितों की ट्रैवल और कॉन्टैक्ट हिस्ट्री तलाश रहा है। ताकि, टेस्टिंग की जा सके। इंदौर में आंकड़ा दहाई पर पहुंच गया है। 23 नवंबर को 13 और 26 नवंबर को 12 केस मिल चुके हैं। वहां पर 7 दिन में ही 45 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 1 की मौत भी हो चुकी है। वहां एक्टिव केस 38 है। भोपाल में भी एक्टिव केस 25 से ज्यादा है। भोपाल में 6 हजार टेस्ट रोज हो रहे हैं।

प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 111 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 471 ठीक हो गए। कोरोना के कारण 10 हजार 528 लोग जान गंवा चुके हैं। अभी प्रदेश में 112 एक्टिव केस हैं। एक दिन पहले यह आंकड़ा 103 था। प्रदेश में रिकवरी रेट 98% से ज्यादा है।

Back to top button