मध्य प्रदेश

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज भोपाल आएंगे : शाह के अचानक दौरे से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

प्रदेश संगठन की चार घंटे बैठक लेंगे अमित शाह, हो सकते हैं बड़े फैसले, प्रदेश चुनाव प्रभारी बनने के बाद भूपेंद्र यादव और अश्विनी वैष्णव भी पहली बार आएंगे

भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को भोपाल में रहेंगे। उनका ये दौरा अचानक है। वे प्रदेश संगठन की बैठक लेंगे। उनके इस औचक दौरे से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। शाह के साथ पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव तथा प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी भोपाल आएंगे। शाह के साथ बैठक में ये दोनों भी मौजूद  रहेंगे।  शाह लगभग चार घंटे तक भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय में लेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले अमित शाह के अचानक भोपाल दौरे पर आने से राजनीतिक सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। लंबे समय से प्रदेश संगठन में बदलाव की चर्चाएं भी चल रहीं हैं। इस बीच शाह के भोपाल दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जानकारी अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार शाम 7.15 बजे भोपाल विमानतल पहुंचेंगे। शाम 7.35 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक में शामिल होंगे। शाह रात्रि 11.45 बजे भोपाल विमानतल पहुंचकर वापस नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। अमित शाह भाजपा प्रदेश कार्यालय में चार घंटे की लंबी बैठक लेंगे। इस बैठक में सत्ता व संगठन के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी भी मौजूद होंगे।

इधर, केंद्रीय नेता अमित शाह के भोपाल दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं, तो वहीं अटकलों का बाजार भी गर्म हो गया है। शाह के दौरे से पहले सोमवार शाम को भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात कर प्रदेश के मसलों पर चर्चा की।   केंद्रीय मंत्री अमित शाह भाजपा कार्यालय में बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा संगठन के कुछ चुनिंदा नेताओं के साथ अलग से एक महत्वपूर्ण बैठक भी लेंगे, जिसमें संभवत: मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन मसलों सहित कुछ अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।

इस बैठक में भाजपा प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में खाली पड़े पदों पर नियुक्तियों को लेकर नाम तय करने सहित प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश के कुछ वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपे जाने को लेकर भी रणनीति तय की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रहलाद सिंह पटेल भी शामिल होंगे। संगठन की ओर से बैठक में शिवप्रकाश, कैलाश विजयवर्गीय, पी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा तथा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शामिल होंगे।

Back to top button