छत्तीसगढ़बिलासपुर

तेज गर्मी पड़ने की प्रबल संभावना, दंतेवाड़ा के बाद बिलासपुर छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक गर्म रहा, दूसरे दिन भी 32 डिग्री रहा तापमान ..

बिलासपुर । जनवरी माह में गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। गंभीर बात ये है कि बिलासपुर शहर का तापमान छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों की तुलना में अधिक रिकॉर्ड हो रहा है। अब तक केवल महासमुंद और दंतेवाड़ा का ही तापमान बिलासपुर से ज्यादा दर्ज हुआ है लेकिन रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे मैदानी जिलों की तुलना में बिलासपुर का पारा ज्यादा ही दर्ज हुआ है। हद तो ये है कि पेंड्रारोड तक में इस बार ज्यादा तापमान जनवरी माह में दर्ज हो रहा है। यहां भी लगभग रोज ही अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक दर्ज हो रहा है।

शनिवार को बिलासपुर शहर का अधिकतम तापमान प्रदेश में दंतेवाड़ा के बाद सर्वाधिक रहा। दंतेवाड़ा में 33.9 डिग्री अधिकतम तापमान रहा जबकि बिलासपुर में लगातार दूसरे दिन 32 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा दर्ज हुआ।

शनिवार को सुबह हल्की ठंड रही। पर यह धूप निकलने के साथ ही गायब हो गई। दोपहर में तो गर्मी महसूस हुई। इसकी वजह से लोगों को थोड़ी परेशानी भी हुई। दरअसल शहर में अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 32 डिग्री दर्ज हुआ तो न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में वृद्धि संभावित है।

गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। इस वजह से बंद पंखे चालू हो चुके हैं। वहीं कूलर का इंतजाम करना भी लोग शुरू कर दिए हैं। यानी जिनके कूलर खराब हो चुके हैं, वे नया खरीदने की तैयारी कर रहे हैं जबकि अधिकांश लोग कूलर की मरम्मत कराने की तैयारी में जुट गए हैं।

माैसम विभाग के मुताबिक इन दिनाें दक्षिण दिशा से हवा आ रही है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो चुकी है। यह रोज ही सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है। इसमें और वृद्धि की संभावना है। वहीं कहीं-कहीं हल्के बादल भी छा सकते हैं।

Back to top button