दुनिया

शिंजो आबे पर गोली चलाने वाला, नौसेना में भी दे चुका है सेवाएं …

टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हालत नाजुक बनी हुई है। इसी बीच पुलिस ने हमलावर की भी पहचान कर ली है। खबर है कि हमलावर जापान की नौसेना में भी सेवाएं दे चुका है। 41 वर्षीय आरोपी का नाम तेत्सुया यामागामी बताया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस यामागामी से पूछताछ कर रही है। वहीं, मौजूद पीएम फुमिया किशिदा ने भी ऐलान कर दिया है कि इस घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यामागामी ने शॉटगन से आबे पर हमला किया था। यह हमला तब हुआ जब पूर्व पीएम नारा शहर स्थित यामातो सैदाजी स्टेशन पर भाषण दे रहे थे। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। खबर है कि गोली चलने के बाद आबे जमीन पर गिर गए थे और उनके सीने से खून बह रहा था। यह भी कहा जा रहा था कि अस्पताल ले जाते वक्त उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।

यामागामी को हत्या के प्रयास के शक में गिरफ्तार किया गया है और उसे नारा निशी पुलिस स्टेशन लाया गया है। पुलिस ने आरोपी से बंदूक भी जब्त कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी पता चला है कि यामागामी साल 2005 के आसपास करीब तीन वर्षों तक मेरिटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स में भी सेवाएं दे चुका है। हमले के कुछ देर बाद ही पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया था।

हालांकि, अब तक इस हमले की पीछे की वजह पता नहीं लग सकी है। जानकार इसे योजना बनाकर किया गया हमला बता रहे हैं। वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में भी कहा जा रहा है कि आरोपी ने आबे का भाषण शुरू होने का इंतजार किया था। इसके कुछ देर बाद ही पीछे से दो गोलियां दागी गई थी। जापान के फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट ने भी इस बात की पुष्टि की है कि आबे के सिर और गर्दन में गोली लगने के निशान हैं।

Back to top button